खेल डेस्कः आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीमें मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है और एक कड़ी टक्कर की उम्मीद की जा रही है। इसी बीच सोशल मीडिया पर “Sanju Samson ban” भी तेजी से ट्रेंड कर रहा है, जिससे कई भारतीय फैंस चिंतित नजर आ रहे हैं।
ये भी देखें :-
दरअसल, वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में मैच जिताने के बाद संजू सैमसन के जश्न ने चर्चा छेड़ दी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में विजयी चौका लगाने के बाद सैमसन ने अपना हेलमेट उतारकर जमीन पर फेंक दिया और घुटनों के बल बैठकर भगवान का धन्यवाद किया। कुछ लोगों का मानना है कि हेलमेट फेंकने का यह एक्शन इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के नियमों के तहत ‘क्रिकेट उपकरण के दुरुपयोग’ की श्रेणी में आ सकता है। हालांकि, अभी तक इस मामले में ICC की ओर से कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई सामने नहीं आई है। फिर भी सोशल मीडिया पर अटकलें लगाई जा रही हैं कि अगर सैमसन दोषी पाए गए तो उन्हें एक मैच के लिए सस्पेंड किया जा सकता है।
ICC का नियम क्या कहता है?
ICC के आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के अनुसार खिलाड़ी क्रिकेट उपकरण का दुरुपयोग नहीं कर सकते। इसमें हेलमेट, बैट, स्टंप या अन्य उपकरण को गुस्से में फेंकना या मारना शामिल है। अगर किसी खिलाड़ी की हरकत से उपकरण या स्टेडियम की संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो इसे नियम का उल्लंघन माना जाता है। हाल ही में स्कॉटलैंड के क्रिकेटर जॉर्ज मंसी को भी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक मैच में आउट होने के बाद हेलमेट फेंकने पर एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया था। इससे साफ है कि ऐसे मामलों में कार्रवाई संभव है।
क्या सैमसन पर बैन लग सकता है?
तकनीकी रूप से, अगर मैच अधिकारियों को लगता है कि सैमसन का एक्शन नियमों के खिलाफ था, तो उन पर कार्रवाई हो सकती है। आम तौर पर ऐसे मामलों को लेवल-1 अपराध माना जाता है। इस स्तर के उल्लंघन पर अधिकतम 50% मैच फीस का जुर्माना और दो डिमेरिट प्वाइंट दिए जा सकते हैं। हालांकि, ऐसे मामलों में खिलाड़ियों को सीधे बैन करना बहुत कम देखा जाता है। मैच रेफरी यह भी देखते हैं कि घटना किस परिस्थिति में हुई। जश्न के दौरान की गई भावनात्मक प्रतिक्रिया को अक्सर गुस्से में किए गए व्यवहार की तुलना में हल्के में लिया जाता है। इसलिए फिलहाल यह कहना ज्यादा उचित होगा कि संजू सैमसन पर बैन लगने की संभावना बेहद कम है।
ये भी पढ़ें :-