
नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। यह परिणाम लिखित मुख्य परीक्षा (Mains) और इंटरव्यू (Personality Test) के आधार पर तैयार किया गया है। आयोग ने कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया है।
इस साल परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है और वे ऑल इंडिया टॉपर बने हैं। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम रही हैं, जबकि एकांश ढुल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। UPSC की मुख्य लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी। इसके बाद इंटरव्यू या पर्सनैलिटी टेस्ट दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच लिए गए थे। इन दोनों चरणों के अंकों को मिलाकर अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार की गई है।
चयनित उम्मीदवारों को उनकी रैंक और पसंद के अनुसार विभिन्न सेवाओं में नियुक्त किया जाएगा। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और केंद्रीय सेवाएं (ग्रुप ‘A’ और ग्रुप ‘B’) मुख्य रूप से शामिल हैं।
UPSC द्वारा जारी जानकारी के अनुसार चयनित उम्मीदवारों की श्रेणीवार संख्या इस प्रकार है:
सामान्य (General): 317
-आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 104
-अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 306
-अनुसूचित जाति (SC): 158
-अनुसूचित जनजाति (ST): 73
इस तरह कुल 958 उम्मीदवारों को नियुक्ति के लिए चुना गया है।
आयोग ने बताया है कि 348 उम्मीदवारों का चयन अभी प्रोविजनल (अस्थायी) रखा गया है। इनके दस्तावेजों और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं की जांच के बाद ही उनका चयन अंतिम माना जाएगा। इसके अलावा दो उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है। कुछ कारणों की जांच पूरी होने के बाद ही उनका रिजल्ट जारी किया जाएगा। UPSC ने यह भी कहा है कि उम्मीदवारों के अंक परिणाम घोषित होने के 15 दिनों के अंदर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों में होती है, 1. प्रारंभिक परीक्षा (Prelims)- यह एक स्क्रीनिंग टेस्ट होता है। इसमें सफल उम्मीदवार ही अगले चरण में जाते हैं। 2. मुख्य परीक्षा (Mains)- इसमें विभिन्न विषयों के विस्तृत लिखित पेपर होते हैं। 3. इंटरव्यू (Personality Test)- मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है। अंतिम मेरिट लिस्ट मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के अंकों को जोड़कर बनाई जाती है। इसके बाद उम्मीदवारों को उनकी रैंक और पसंद के अनुसार सेवाएं आवंटित की जाती हैं।
1. सबसे पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
2. होमपेज पर “Results” सेक्शन पर क्लिक करें।
3. Civil Services Examination (CSE) Result वाले लिंक को चुनें।
4. रिजल्ट की PDF फाइल डाउनलोड करें।
5. PDF में अपना रोल नंबर या नाम सर्च करके रिजल्ट देखें।