Silver Gold Price: मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध और तनाव के बावजूद भारत में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। 7 मार्च की सुबह राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव घटकर 1,61,270 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। वहीं मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,61,120 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। कारोबारियों के मुताबिक लगातार दूसरे दिन मुनाफावसूली के कारण घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में यह गिरावट आई है।
सराफा बाजार के आंकड़ों के अनुसार, 6 मार्च को दिल्ली में सोने की कीमत करीब 1,100 रुपये यानी लगभग 1 प्रतिशत तक गिर गई थी। उस दिन 24 कैरेट सोना 1,64,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया था। माना जा रहा है कि निवेशकों द्वारा मुनाफा बुक करने के कारण कीमतों में यह नरमी देखने को मिली। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिति थोड़ी अलग है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग बढ़ रही है। इसी वजह से वैश्विक बाजार में हाजिर सोने की कीमत 14.70 डॉलर यानी 0.29 प्रतिशत बढ़कर 5,095.81 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई है।
देश के प्रमुख शहरों में सोने का भाव
देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में थोड़ा-बहुत अंतर देखने को मिल रहा है। दिल्ली में 22 कैरेट सोने की कीमत 1,47,840 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जबकि 24 कैरेट सोना 1,61,270 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में 22 कैरेट सोने का भाव 1,47,690 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं इन शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,61,120 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। अहमदाबाद और भोपाल में 22 कैरेट सोना 1,47,740 रुपये प्रति 10 ग्राम और 24 कैरेट सोना 1,61,170 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है। इसके अलावा जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ में 22 कैरेट सोने का भाव 1,47,840 रुपये और 24 कैरेट सोना 1,61,270 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा है।
क्यों बढ़ा मिडिल ईस्ट में तनाव
मिडिल ईस्ट में हाल ही में हालात अचानक बिगड़ गए हैं। 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजराइल ने ईरान के खिलाफ खुली जंग का ऐलान करते हुए एयर स्ट्राइक की थी। इसके जवाब में ईरान ने भी इजराइल पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए। इसके साथ ही ईरान ने मध्यपूर्व के कई इलाकों में सैन्य कार्रवाई की है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मुद्दे पर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि ईरान के साथ किसी भी तरह का समझौता तभी संभव होगा जब वह बिना शर्त आत्मसमर्पण करे। इसके बाद वहां नई और बेहतर नेतृत्व व्यवस्था बनाई जाएगी।
चांदी के दाम में भी गिरावट
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है। 7 मार्च की सुबह चांदी का भाव करीब 2,84,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले 6 मार्च को दिल्ली के सराफा बाजार में चांदी की कीमत लगभग 600 रुपये गिरकर 2,71,700 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई थी। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमत में तेजी देखने को मिली है। वैश्विक बाजार में चांदी का हाजिर भाव 1.4 प्रतिशत बढ़कर 83.40 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...