Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘ईरान ने हार मान ली, अब मिडिल ईस्ट का दादा नहीं रहा’, ईरान-अमेरिका-इजरायल तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा बयान

March 7, 2026

‘ईरान ने हार मान ली, अब मिडिल ईस्ट का दादा नहीं रहा’, ईरान-अमेरिका-इजरायल तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा बयान

इंटरनेशनल डेस्क: ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे तनाव और हमलों के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक तीखा बयान दिया है। अपने पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान अब कमजोर पड़ चुका है और उसने अपने पड़ोसी देशों से माफी मांगते हुए हार मान ली है।

ट्रंप ने लिखा कि ईरान लगातार हो रहे अमेरिकी और इजरायली हमलों की वजह से बुरी तरह दबाव में आ गया है। उनके अनुसार, ईरान ने अपने मध्य पूर्व के पड़ोसी देशों से वादा किया है कि वह अब उन पर मिसाइल या किसी तरह का हमला नहीं करेगा। ट्रंप ने तंज कसते हुए कहा कि जो देश कभी पूरे मध्य पूर्व पर अपना दबदबा बनाना चाहता था, अब वही हार चुका है।

 

उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि हजारों सालों में पहली बार ऐसा हुआ है जब ईरान अपने ही पड़ोसी देशों के सामने कमजोर पड़ा है। ट्रंप ने यह भी लिखा कि कई देशों ने उन्हें धन्यवाद कहा है, जिस पर उन्होंने जवाब दिया, “आपका स्वागत है।” ट्रंप ने आगे कहा कि अब ईरान “मिडिल ईस्ट का दादा” नहीं रहा, बल्कि “मिडिल ईस्ट का हारा हुआ देश” बन गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए यह भी लिखा कि ईरान के खिलाफ जल्द ही एक बड़ा हमला हो सकता है। ट्रंप के मुताबिक ईरान के “खराब व्यवहार” की वजह से कुछ ऐसे इलाकों और लोगों को निशाना बनाने पर भी विचार किया जा रहा है, जिन्हें पहले लक्ष्य बनाने के बारे में नहीं सोचा गया था।

ईरान ने पड़ोसी देशों से मांगी माफी

इस बीच क्षेत्र में तनाव कम करने की कोशिश करते हुए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने शुक्रवार को पड़ोसी देशों से माफी मांगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि ईरान की अंतरिम नेतृत्व परिषद ने फैसला लिया है कि जब तक किसी पड़ोसी देश की जमीन से ईरान पर हमला नहीं किया जाता, तब तक ईरान भी उन देशों पर मिसाइल या सैन्य हमला नहीं करेगा।

समाचार एजेंसियों के अनुसार, यह कदम क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। यह तनाव पिछले सप्ताह तब और बढ़ गया था जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़े हमले किए थे। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई सहित सैकड़ों लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई थी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बाद मध्य पूर्व में स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है और आगे क्या होगा, इस पर दुनिया की नजर बनी हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें