Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

मां की बहादुरी ने बचाई जान… बेटे को मुंह में दबाकर ले जा रहे तेंदुआ को गन्ने से दे दनादन पीटा

March 10, 2026

मां की बहादुरी ने बचाई जान… बेटे को मुंह में दबाकर ले जा रहे तेंदुआ को गन्ने से दे दनादन पीटा

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने अपने छोटे बेटे की जान बचाने के लिए तेंदुए से मुकाबला कर दिया। यह घटना मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव तरफ दलपतपुर की है। सोमवार रात करीब 8 बजे अचानक एक तेंदुआ गांव में घुस आया। गांव के किनारे बने घर में रहने वाले किसान रवि सैनी का बेटा मोक्ष दूसरे बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था।

खेलते-खेलते बच्चे को उठा ले गया तेंदुआ
इसी दौरान तेंदुआ अचानक वहां पहुंच गया और खेल रहे बच्चे मोक्ष को अपने जबड़ों में दबाकर जंगल की तरफ ले जाने लगा। बाकी बच्चों ने यह देखकर जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।

मां ने दिखाई हिम्मत
बच्चों की आवाज सुनकर मोक्ष की मां पिंकी तुरंत घर से बाहर आईं। उन्होंने देखा कि तेंदुआ उनके बेटे को मुंह में दबाकर ले जा रहा है। यह देखकर पिंकी ने बिना अपनी जान की परवाह किए तेंदुए के पीछे दौड़ लगा दी।

गन्ने से किया तेंदुए पर हमला
दौड़ते समय रास्ते में पिंकी को एक गन्ना पड़ा मिला। उन्होंने उसे उठाया और तेंदुए के मुंह और शरीर पर लगातार वार करने लगीं। पिंकी के अचानक हमले से तेंदुआ घबरा गया और उसने बच्चे को छोड़ दिया।

तेंदुआ अंधेरे का फायदा उठाकर भागा
तेंदुए को देखते ही गांव के लोग भी शोर सुनकर लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए। लेकिन तब तक तेंदुआ अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भाग चुका था।

बच्चे को अस्पताल में कराया गया भर्ती
मां पिंकी और गांव वालों ने घायल मोक्ष को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए उसे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। तेंदुए ने बच्चे की गर्दन पर दांतों से हमला किया था और उसका एक कान भी आधा काट दिया था। फिलहाल मोक्ष का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस और वन विभाग भी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम भी गांव पहुंची। हालांकि रात ज्यादा होने और अंधेरा होने के कारण उस समय कोई सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। गांव वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

तेंदुओं के बढ़ते हमले चिंता का विषय
इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। ऐसे में जिन इलाकों में जंगल पास हैं, वहां लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही वन विभाग को भी ऐसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें