Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

27 साल की उम्र में इस मशहूर एक्टर का हुआ निधन, घर में मिला शव… मचा हड़कंप

March 12, 2026

27 साल की उम्र में इस मशहूर एक्टर का हुआ निधन, घर में मिला शव… मचा हड़कंप

एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मलयालम अभिनेता हरि मुरली का 27 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके अचानक निधन से साउथ फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है। खास बात यह है कि हरि मुरली ने महज 4 साल की उम्र में चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर एक्टिंग शुरू कर दी थी और अपने शानदार अभिनय से लोगों का दिल जीत लिया था।

घर में मृत मिले अभिनेता

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हरि मुरली कन्नूर जिले के पय्यान्नूर स्थित अपने घर में मृत पाए गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्हें तुरंत एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। हरि मुरली थिएटर और फिल्म अभिनेता के.यू. मुरली और प्रसन्ना के बेटे थे। उनका परिवार लंबे समय से कला और थिएटर से जुड़ा रहा है। उनके भाई का नाम श्रीमुरली है।

4 साल की उम्र में शुरू किया अभिनय

हरि मुरली ने बहुत छोटी उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था। बताया जाता है कि उन्हें पहला मौका निर्देशक ए. एम. नसीर ने एक टीवी सीरियल में छोटा सा रोल देकर दिया था। इसके बाद उन्होंने करीब 40 टेलीविजन सीरियल में काम किया और धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी पहचान बनाई। फिल्मों में उनकी शुरुआत निर्देशक लाल जोस की फिल्म ‘रसिकन’ से मानी जाती है, जिसमें उनकी परफॉर्मेंस को काफी पसंद किया गया। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया और बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर किया।

बड़े सितारों के साथ किया काम

अपने करियर के शुरुआती दौर में ही हरि मुरली को साउथ के सुपरस्टार्स ममूटी और मोहनलाल के साथ काम करने का मौका मिला। उन्होंने करीब 10 से 15 फिल्मों में अभिनय किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘अन्नान थम्बी’, ‘मदम्पी’, ‘डॉन’, ‘पट्टानाथिल भूतम’ और ‘उलगम चुट्टुम वलिबन’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

पढ़ाई के लिए फिल्मों से बनाई दूरी

हालांकि कम उम्र में ही उन्हें अच्छी पहचान मिल गई थी, लेकिन हरि मुरली ने अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए फिल्मों से दूरी बना ली। बाद में वह फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ में एक छोटे से रोल में नजर आए। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़कर पर्दे के पीछे काम करना शुरू कर दिया। उन्होंने विजुअल इफेक्ट्स और एनिमेशन में BSc की पढ़ाई की और एक VFX आर्टिस्ट और टेक्नीशियन के रूप में काम करने लगे। हरि मुरली का इस तरह कम उम्र में दुनिया को अलविदा कहना फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। उनके निधन से परिवार, दोस्त और फैंस गहरे सदमे में हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें