Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

काव्या मारन की टीम ने इस पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदा, ऑक्शन में लगाई करोड़ो की बोली

March 12, 2026

काव्या मारन की टीम ने इस पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदा, ऑक्शन में लगाई करोड़ो की बोली

खेल डेस्क: इंग्लैंड की मशहूर फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग द हंड्रेड (The Hundred) के 2026 ऑक्शन में गुरुवार (12 मार्च) को एक खास और दिलचस्प घटना देखने को मिली। पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स (SunRisers Leeds) ने 1.90 लाख पाउंड यानी लगभग 2.34 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया।

सनराइजर्स लीड्स का मालिकाना हक सन ग्रुप के पास है, जिसका नेतृत्व उद्योगपति कलानिधि मारन करते हैं। ऑक्शन के दौरान टीम की सीईओ काव्या मारन और हेड कोच डेनियल विटोरी भी मौजूद थे। यह ऑक्शन लंदन के पिकैडिली लाइट्स में आयोजित किया गया था।

कई साल बाद टूटी एक बड़ी परंपरा

अबरार अहमद की यह खरीद इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कई सालों बाद आईपीएल से जुड़ी किसी फ्रेंचाइजी ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को अपनी टीम में लिया है। दरअसल, 2008 के बाद से पाकिस्तानी खिलाड़ियों को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने की अनुमति नहीं है। इसी वजह से आईपीएल मालिकों की टीमों वाली दूसरी लीग्स, जैसे SA20 (साउथ अफ्रीका) और ILT20 (यूएई) में भी आम तौर पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदा जाता था। लेकिन इस बार सनराइजर्स लीड्स ने अबरार अहमद को खरीदकर इस लंबे समय से चली आ रही धारणा को तोड़ दिया है।

ECB की चेतावनी के बाद बदला फैसला

ऑक्शन से पहले ऐसी खबरें थीं कि आईपीएल मालिकों से जुड़ी चार टीमों में किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को शामिल नहीं किया जाएगा। इसके बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने साफ कहा कि खिलाड़ियों का चयन केवल उनकी क्षमता (मेरिट) के आधार पर होना चाहिए। ब्रिटेन में भेदभाव के खिलाफ कानून काफी सख्त हैं। इसके बाद सनराइजर्स लीड्स द्वारा अबरार अहमद को खरीदना एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला माना जा रहा है।

उस्मान तारिक को भी मिला मौका

द हंड्रेड 2026 के ऑक्शन में कुल 14 पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। ऑक्शन से ठीक पहले पाकिस्तान की वनडे टीम के कप्तान शाहीन शाह आफरीदी ने अपना नाम वापस ले लिया था। वहीं मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक को बर्मिंघम फोनिक्स ने 1.40 लाख पाउंड यानी करीब 1.72 करोड़ रुपये में खरीदा। हालांकि तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और बल्लेबाज सैम अयूब पहले राउंड में अनसोल्ड रह गए।

टी20 में भी चमक रहे हैं अबरार अहमद

अबरार अहमद ने 2022 में पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। शुरुआत में उन्हें टेस्ट स्पेशलिस्ट माना जाता था, लेकिन 2024 में टी20 इंटरनेशनल में कदम रखने के बाद उन्होंने इस फॉर्मेट में भी शानदार प्रदर्शन किया है। अब तक अबरार अहमद 38 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 52 विकेट ले चुके हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 17.36 और इकॉनमी 6.67 रहा है। इसके अलावा आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी उन्होंने चार मैचों में छह विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया था। अब द हंड्रेड लीग में सनराइजर्स लीड्स की टीम उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें