यह सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है कि जब नदियां ही समुद्र में जाकर मिलती हैं तो समुद्र का पानी खारा क्यों हो जाता है जबकि नदियों का पानी मीठा रहता है। इसके पीछे प्रकृति की एक लंबी और लगातार चलने वाली प्रक्रिया काम करती है।
असली कारण कहां से शुरू होता है
जब बारिश होती है तो पानी जमीन पहाड़ों और चट्टानों पर गिरता है। इस दौरान पानी चट्टानों और मिट्टी में मौजूद खनिजों को धीरे-धीरे घोल लेता है। इन खनिजों में सोडियम और क्लोराइड जैसे तत्व शामिल होते हैं। यही खनिज नदियों के पानी में घुलकर उनके साथ बहने लगते हैं।
नदियों का पानी खारा क्यों नहीं लगता
नदियों में खनिज तो होते हैं लेकिन उनकी मात्रा बहुत कम होती है। नदी का पानी लगातार बहता रहता है और ताजा पानी उसमें जुड़ता रहता है जिससे नमक की मात्रा ज्यादा महसूस नहीं होती। यानी नदियों में नमक होता है लेकिन बहुत कम स्तर पर।
समुद्र में जाकर क्या होता है
जब यही नदियां समुद्र में मिलती हैं तो अपने साथ लाए हुए खनिज और नमक भी वहां छोड़ देती हैं। समुद्र एक बंद प्रणाली की तरह काम करता है जहां से पानी तो भाप बनकर उड़ जाता है लेकिन नमक वहीं रह जाता है।
इस प्रक्रिया को लगातार लाखों-करोड़ों सालों से होने के कारण समुद्र में नमक जमा होता गया और उसका पानी खारा हो गया।
नमक बढ़ने की प्रक्रिया
नदियां लगातार खनिज लेकर समुद्र में जाती हैं तो वहीं सूरज की गर्मी से समुद्र का पानी भाप बनकर उड़ जाता है
और नमक और खनिज समुद्र में ही रह जाते हैं, इसी कारण समय के साथ समुद्र में नमक की मात्रा बढ़ती गई।
ये भी पढ़ें : https://dainiksaveratimes.com/ajab-gajab/most-poisonous-animal-box-jellyfish/
क्या सिर्फ नदियां ही कारण हैं
नदियों के अलावा समुद्र के नीचे होने वाली ज्वालामुखीय गतिविधियां भी इसमें योगदान देती हैं। समुद्र तल से निकलने वाले खनिज और गैसें भी पानी को खारा बनाने में मदद करती हैं।
कितना खारा होता है समुद्र
समुद्र के पानी में औसतन लगभग 3.5 प्रतिशत नमक होता है। यही कारण है कि इसका स्वाद साफ तौर पर खारा महसूस होता है।
समुद्र का पानी खारा होना किसी एक दिन की प्रक्रिया नहीं बल्कि लाखों सालों से चल रही प्राकृतिक प्रक्रिया का परिणाम है। नदियां खनिजों को समुद्र तक पहुंचाती हैं और वहां पानी के वाष्पित होने के कारण नमक जमा होता जाता है। इस तरह प्रकृति का यह संतुलन समुद्र और नदियों के पानी को अलग-अलग बनाता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...