Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

इस क्रिकेटर ने छोड़ी कप्तानी, T20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद फैसला

March 19, 2026

इस क्रिकेटर ने छोड़ी कप्तानी, T20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद फैसला

खेल डेस्क: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आयरलैंड क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। टीम के अनुभवी खिलाड़ी पॉल स्टर्लिंग ने टी20 इंटरनेशनल टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है।

प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा

इस वर्ल्ड कप में आयरलैंड क्रिकेट टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम सुपर-8 चरण तक भी नहीं पहुंच सकी और ग्रुप-B में चौथे स्थान पर रही। आयरलैंड ने कुल 4 मैचों में सिर्फ 1 जीत हासिल की, जबकि 2 मैच हार गई और एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया।

35 साल के पॉल स्टर्लिंग ने यह फैसला भविष्य को ध्यान में रखते हुए लिया है। उन्होंने कहा कि टीम को आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2028 की तैयारी के लिए नए नेतृत्व की जरूरत है। स्टर्लिंग को अक्टूबर 2023 में आयरलैंड की वनडे और टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था और हालिया वर्ल्ड कप में भी उन्होंने टीम की अगुवाई की।

हालांकि, इस टूर्नामेंट में स्टर्लिंग ज्यादा मैच नहीं खेल सके। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान उनके घुटने में चोट लग गई, जिसके कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। उनकी अनुपस्थिति में विकेटकीपर लोर्कन टकर ने टीम की कप्तानी संभाली।

स्टर्लिंग टीम का अहम हिस्सा बने रहेंगे: आयरलैंड 

क्रिकेट आयरलैंड ने साफ किया है कि स्टर्लिंग टी20 कप्तानी छोड़ने के बावजूद टीम का अहम हिस्सा बने रहेंगे। वह वनडे टीम की कप्तानी जारी रखेंगे और अपने अनुभव से टीम को मजबूती देंगे।

स्टर्लिंग का भावुक बयान 

कप्तानी छोड़ने के बाद स्टर्लिंग ने भावुक बयान देते हुए कहा कि अपने देश की कप्तानी करना उनके लिए गर्व की बात रही है। उन्होंने टीम और सपोर्ट स्टाफ का धन्यवाद किया और कहा कि वह आगे भी टीम के लिए अपना योगदान देते रहेंगे। गौरतलब है कि पॉल स्टर्लिंग ने आयरलैंड के लिए 163 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 3895 रन बनाए हैं और 20 विकेट भी लिए हैं। उनका यह फैसला टीम में बदलाव और भविष्य की तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें