इंटरनेशनल डेस्कः मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच कतर में एक बड़ा हादसा हुआ है। जहां, कतर सरकार ने रविवार को पुष्टि की कि एक मिलिट्री हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति अभी भी लापता है। कतर के रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह हेलीकॉप्टर अपनी रोजमर्रा की ड्यूटी पर था। इसी दौरान अचानक उसमें तकनीकी खराबी आ गई और वह फारस की खाड़ी में कतर के क्षेत्रीय जल में गिर गया। आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान पूरी तरह साफ नहीं है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि वे सैन्य कर्मी थे या नागरिक। वहीं, कतर सरकार ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की
बचाव अभियान जारी
हादसे के बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। इसमें शामिल हैं कोस्ट गार्ड की टीम व इंटरनल सिक्योरिटी फोर्स (लेख्विया) सहित टीमें अभी भी लापता व्यक्ति की तलाश कर रही हैं। कतर के रक्षा मंत्रालय ने शुरुआती जानकारी में कहा है कि हादसा “तकनीकी खराबी” की वजह से हुआ। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक किसी दुश्मन हमले के संकेत नहीं मिले हैं।
क्षेत्र में तनाव के बीच बढ़ी चिंता
यह हादसा ऐसे समय पर हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान कतर में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। हालांकि, कतर सरकार ने साफ किया है कि इस हेलीकॉप्टर क्रैश का किसी हमले से कोई संबंध नहीं है।
हादसे की जांच शुरू
हादसे के बाद कतर सरकार ने जांच शुरू कर दी है ताकि तकनीकी खराबी की असली वजह पता चल सके। भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
तेल-गैस संचालन पर असर नहीं
फिलहाल इस घटना का कतर के तेल और गैस संचालन पर कोई सीधा असर नहीं पड़ा है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ा सकती हैं।