Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्यार का खौफनाक अंत… दहेज के लिए पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट

March 23, 2026

प्यार का खौफनाक अंत… दहेज के लिए पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट

नेशनल डेस्क: गुरुग्राम से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर हर किसी का दिल दहल गया, जहां पति ने कथित तौर पर दहेज को लेकर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी की पहचान अरुण शर्मा के रूप में हुई है, जो एक रेडियोलॉजिस्ट है और मृतका काजल पेशे से एक नर्स थी।

अरुण और काजल पहली बार गुरुग्राम के एक नर्सिंग होम मिले थे, जहां से दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। फिर दोनों ने परिवार की सहमति से पिछले साल नवंबर में शादी कर ली।

शादी के बाद होने लगे झगड़े

काजल के परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही अरुण का व्यवहार पूरी तरह से बदल गया और वह छोटी-छोटी बातों पर काजल से मारपीट करने लगा। उससे पैसों की मांग करने लगा। अरुण दहेज के लिए काजल को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करता रहता था। 4 मार्च को होली वाले दिन काजल अरुण के साथ अपने घर आई थी। परिवार ने बताया कि 17 मार्च को अरुण ने शराब के नशे में काजल के साथ मारपीट की।

जहरीला इंजेक्शन लगाकर की हत्या

अगली सुबह अरुण और काजल के बीच फिर झगड़ा हुआ, जिसके कुछ देर बाद काजल बेहोश हालत में मिली और उसके नाक से खून बह रहा था। परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने काजल को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार वालों को बाथरूम से एक सिरिंज मिली, जिससे शक हुआ कि काजल को जहर का इंजेक्शन दिया गया है। फिर पुलिस ने अरुण से पूछताछ की, जिसमें उसने कबूल किया कि उसने अपनी पत्नी को जहर का इंजेक्शन देकर मार डाला।

रेलवे स्टेशन से अरुण गिरफ्तार

पुलिस ने अरुण को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। वह वह गाजियाबाद के बेहटा हाजीपुर का रहने वाला है और उसे नशे की लत भी थी। सेक्टर-10 थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि अरुण को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं डॉक्टरों ने बताया कि मौत के असली कारण का पता लगाने के लिए विसरा जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही असली सच्चाई का पता चल पाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें