Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

40 साल बाद पंजाब में होगी राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप, 350 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

March 23, 2026

40 साल बाद पंजाब में होगी राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप, 350 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

जालंधर: पंजाब में बैडमिंटन को बड़ा बढ़ावा मिलने जा रहा है, क्योंकि राज्य 40 साल बाद राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी करने जा रहा है। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) ने 38वीं सब-जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप पंजाब को सौंपी है।

9 से 12 दिसंबर 2026 तक जालंधर में होगी चैंपियनशिप

जानकारी देते हुए पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रितिन खन्ना ने बताया कि यह चैंपियनशिप 9 से 12 दिसंबर 2026 तक जालंधर के रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में आयोजित होगी। इसमें 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 350 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पंजाब में पिछली बार राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप 1987 में जालंधर में ही आयोजित हुई थी।

10 लाख रुपये का मिलेगा पुरस्कार

खन्ना ने बताया कि पीबीए लगातार बीएआई के संपर्क में था और स्टेडियम की बेहतर सुविधाओं का निरीक्षण करने के बाद ही मेजबानी का अधिकार दिया गया। उन्होंने कहा कि विजेताओं को कुल 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इस चैंपियनशिप में अंडर-13 लड़के और लड़कियों के सिंगल्स और डबल्स मुकाबले होंगे, जो बीएआई अधिकारियों की निगरानी में कराए जाएंगे। खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर और अधिकारियों के रहने और खाने की व्यवस्था पीबीए द्वारा की जाएगी। खन्ना ने कहा कि इस आयोजन से राज्य के उभरते खिलाड़ियों को बड़ा फायदा मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को देखने और उनके साथ खेलने का अवसर मिलेगा।

गौरतलब है कि रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में पिछले पांच वर्षों में 1 करोड़ रुपये की लागत से बड़ा सुधार किया गया है। अब यहां 10 कोर्ट, जिम, रेस्टोरेंट, स्पोर्ट्स शॉप और फिजियोथेरेपी सेंटर की सुविधाएं उपलब्ध हैं। पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी स्टेडियम का दौरा कर चुके हैं और उन्होंने डीबीए, जालंधर की अंतरिम कमेटी के काम की सराहना की थी। उल्लेखनीय है कि रितिन खन्ना, जो पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी भी हैं को खेल में उनके योगदान के लिए पंजाब के राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें