Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेल कीमतों में नरमी, सोने में तेजी; हफ्ते भर में 5% से अधिक उछाल, चांदी फिसली

March 28, 2026

तेल कीमतों में नरमी, सोने में तेजी; हफ्ते भर में 5% से अधिक उछाल, चांदी फिसली

वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के बीच इस हफ्ते सोने की कीमतों में 5.77 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

शुक्रवार को एमसीएक्स गोल्ड अप्रैल फ्यूचर्स में 0.15 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि एमसीएक्स सिल्वर मई फ्यूचर्स में 0.09 प्रतिशत की हल्की गिरावट आई। फिलहाल गोल्ड फ्यूचर्स करीब 1,44,500 रुपए पर और सिल्वर फ्यूचर्स 2,27,750 रुपए प्रति किलोग्राम के आसपास हैं।

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के आंकड़ों के मुताबिक, 999 प्यूरिटी वाले सोने का भाव शुक्रवार को 1,42,942 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा, जो सोमवार के 1,35,141 रुपए से काफी ज्यादा है।

हालांकि, आखिरी कारोबारी दिन स्पॉट गोल्ड में हल्की गिरावट देखने को मिली, क्योंकि अमेरिकी डॉलर मजबूत रहा, जिससे कीमतों पर दबाव पड़ा।

भारत में एमसीएक्स गोल्ड ने हफ्ते के निचले स्तर 1,29,595 रुपए प्रति 10 ग्राम से अच्छी रिकवरी दिखाई। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स गोल्ड 4,500 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस से ऊपर बंद हुआ।

ये भी पढ़ें : https://dainiksaveratimes.com/business/market-fall-fifth-week-fii-selling-india/

विशेषज्ञों का कहना है कि हाल में सोने में थोड़ी गिरावट इसलिए आई क्योंकि निवेशकों ने नुकसान की भरपाई के लिए सोना बेचकर नकदी जुटाई, लेकिन कुल मिलाकर सोने में तेजी का रुख अभी भी मजबूत बना हुआ है। केंद्रीय बैंक लगातार सोना खरीद रहे हैं और वैश्विक तनाव भी कीमतों को सहारा दे रहा है।

इसके अलावा, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड बढ़ने से सोने जैसे बिना ब्याज वाले निवेश की आकर्षकता कुछ कम हुई, जिससे कीमतों पर दबाव पड़ा।

वहीं, इस हफ्ते ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 120 डॉलर से गिरकर 93 डॉलर प्रति बैरल तक आई, जिससे महंगाई को लेकर चिंता कम हुई और सोने को निचले स्तर से उबरने में मदद मिली।

विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले समय में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, क्योंकि मिडिल ईस्ट की खबरें, कच्चे तेल की कीमतें और केंद्रीय बैंकों के फैसले बाजार को प्रभावित करेंगे।

एक विश्लेषक ने कहा कि पिछले हफ्ते की तेज गिरावट के बाद अब कमोडिटी बाजार स्थिर होने की कोशिश कर रहा है और कीमतें धीरे-धीरे मजबूती हासिल कर रही हैं।

फिलहाल एमसीएक्स गोल्ड 1,36,000 से 1,40,000 रुपए के स्तर के आसपास मजबूत सपोर्ट पर बना हुआ है, जबकि ऊपर की तरफ 1,55,000 से 1,60,000 रुपए का स्तर अहम रेजिस्टेंस माना जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें