नेशनल डेस्क: 30 मार्च से शुरू होने वाला नया हफ्ता बैंक ग्राहकों के लिए काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि इस दौरान देश के कई हिस्सों में बैंकों की लंबी छुट्टियां पड़ने वाली हैं। ऐसे में अगर आपका कोई जरूरी बैंक से जुड़ा काम है, तो पहले से योजना बना लेना बेहतर रहेगा, ताकि आपको बंद बैंक के कारण परेशानी न हो।
बताया जा रहा है कि 30 मार्च से 5 अप्रैल के बीच अलग-अलग राज्यों में कुल मिलाकर कई दिनों तक बैंक बंद रहेंगे। इन छुट्टियों में धार्मिक पर्व, वार्षिक बैंक क्लोजिंग और साप्ताहिक अवकाश शामिल हैं।
क्यों रहेंगी इतनी छुट्टियां?
अगले हफ्ते महावीर जयंती, गुड फ्राइडे और मोंडी थर्सडे जैसे महत्वपूर्ण अवसर पड़ रहे हैं। इसके अलावा 1 अप्रैल को बैंकों का सालाना हिसाब-किताब (Annual Closing) भी होता है, जिस वजह से उस दिन कई राज्यों में बैंक बंद रहते हैं।
तारीख के अनुसार छुट्टियों की लिस्ट
30 मार्च (सोमवार) – महावीर जयंती के कारण कर्नाटक में बैंक बंद रहेंगे।
31 मार्च (मंगलवार) – महावीर जयंती के मौके पर गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड में बैंक बंद रहेंगे।
1 अप्रैल (बुधवार) – वार्षिक क्लोजिंग के कारण देश के अधिकांश राज्यों में बैंक बंद रहेंगे, जिनमें गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, उत्तराखंड, असम, तेलंगाना, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गोवा, बिहार, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्य शामिल हैं।
2 अप्रैल (गुरुवार) – मोंडी थर्सडे के कारण केरल (कोच्चि और तिरुवनंतपुरम) में बैंक बंद रहेंगे।
3 अप्रैल (शुक्रवार) – गुड फ्राइडे के चलते देश के अधिकतर राज्यों में बैंक बंद रहेंगे।
5 अप्रैल (रविवार) – साप्ताहिक अवकाश के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे।
क्या शनिवार को बैंक खुलेंगे?
अगर कोई विशेष छुट्टी नहीं होती है, तो आमतौर पर महीने के पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक खुले रहते हैं। ऐसे में 4 अप्रैल (शनिवार) को बैंक खुलने की संभावना है, लेकिन फिर भी अपने क्षेत्र की छुट्टियों की जानकारी जरूर जांच लें।
ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू
हालांकि इन छुट्टियों के दौरान बैंक की शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन ग्राहकों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी। ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। आप यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग ऐप, नेट बैंकिंग और ATM के जरिए पैसे ट्रांसफर, बिल भुगतान, बैलेंस चेक, चेकबुक के लिए आवेदन और अन्य कई काम आसानी से कर सकते हैं।
पहले से कर लें जरूरी काम
अगर आपको कैश निकालना है, चेक जमा करना है या किसी तरह का जरूरी बैंकिंग काम है, तो बेहतर होगा कि छुट्टियों से पहले ही उसे पूरा कर लें। इससे आपको बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...