Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

दुश्मन की धरती से अमेरिका ने ढूंढ निकाला पायलट, ऐसे दिया सर्च ऑपरेशन को अंजाम

April 5, 2026

दुश्मन की धरती से अमेरिका ने ढूंढ निकाला पायलट, ऐसे दिया सर्च ऑपरेशन को अंजाम

US Rescues Pilot: मध्य-पूर्व में तनाव के बीच ईरान और अमेरिका के बीच टकराव का एक नया घटनाक्रम सामने आया है, जहां अमेरिकी सेना ने दुश्मन के इलाके से अपने दोनों पायलटों को सुरक्षित निकाल लिया। यह ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा और रणनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरानी बलों ने अमेरिकी लड़ाकू विमान F-15E Strike Eagle और A-10 Thunderbolt II को निशाना बनाकर मार गिराया था। इस घटना में एफ-15ई के दो क्रू मेंबर्स में से एक को पहले ही बचा लिया गया था, जबकि दूसरा लापता हो गया था।

ईरानी सेना ने भी चलाया सर्च ऑपरेशन
रविवार को डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि लापता पायलट को भी सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया है। उन्होंने इसे अमेरिकी सैन्य इतिहास के सबसे साहसी सर्च एंड रेस्क्यू अभियानों में से एक बताया। बताया गया कि लापता पायलट दुश्मन के इलाके में, पहाड़ी और खतरनाक इलाकों में फंसा हुआ था, जहां उसकी तलाश के लिए ईरानी सेना ने भी व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसके बावजूद अमेरिकी विशेष बलों ने सटीक योजना और तकनीक के जरिए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पायलट हुआ जख्मी
ट्रंप के अनुसार, इस ऑपरेशन के दौरान पायलट की लोकेशन पर 24 घंटे नजर रखी गई और उसे बचाने के लिए अत्याधुनिक हथियारों से लैस कई एयरक्राफ्ट तैनात किए गए। हालांकि पायलट को कुछ चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस मिशन की खास बात यह रही कि दुश्मन के इलाके में अलग-अलग फंसे दो पायलटों को अलग-अलग अभियानों के जरिए सुरक्षित निकाला गया, जो कि अमेरिकी सैन्य इतिहास में एक दुर्लभ उदाहरण माना जा रहा है।

ईरान ने नहीं की आधिकारिक पुष्टि
वहीं, ईरानी मीडिया के मुताबिक, यह घटना सेंट्रल ईरान के इलाके में हुई, हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि अभी तक सामने नहीं आई है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और शक्ति प्रदर्शन को उजागर कर दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें