नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। स्कूली बच्चों से भरी एक बस अचानक सड़क किनारे पलट गई। यह हादसा सुबह करीब 7 बजे काली नदी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस में करीब 35 बच्चे सवार थे। हादसे में 10 से ज्यादा बच्चे घायल हो गए। बस पलटते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू कर दिया।
लोगों ने ऐसे बचाई बच्चों की जान
हादसे के बाद कई बच्चे बस के अंदर सीटों के बीच फंस गए थे। उन्हें निकालने के लिए स्थानीय लोगों को बस के शीशे तोड़ने पड़े। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एक-एक कर सभी बच्चों को बाहर निकाला। हादसे के बाद का दृश्य काफी डरावना था। बच्चों के बैग, किताबें और अन्य सामान सड़क पर बिखरे हुए थे। कई बच्चे डर के कारण रोने लगे, जिन्हें आसपास के लोगों ने संभाला और शांत कराया।
अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल बच्चों को तुरंत बाइक और एंबुलेंस की मदद से पास के SDS Global Hospital ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और कुछ को ज्यादा चोट लगी है। सभी को निगरानी में रखा गया है।
स्कूल पर उठे सवाल
यह बस St. Mary Academy की बताई जा रही है। जैसे ही हादसे की खबर मिली, बच्चों के परिजन घबराकर अस्पताल और स्कूल पहुंचने लगे। गुस्साए अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल ऑफिस का घेराव किया और जोरदार नारेबाजी की। उनका कहना है कि अगर सुरक्षा के इंतजाम सही होते, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
चालक फरार
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। इसमें बस की हालत, चालक की लापरवाही और सड़क की स्थिति जैसे सभी पहलुओं को देखा जा रहा है। वहीं, स्कूल प्रबंधन भी हालात को संभालने की कोशिश कर रहा है।