Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

लाडवा फायरिंग व मारपीट मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद

April 9, 2026

लाडवा फायरिंग व मारपीट मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद

लाडवा: पुलिस ने लाडवा में गोली चलाने व मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के निर्देशन में अपराध अन्वेषण शाखा-1 की टीम ने आरोपी हर्ष पुनिया निवासी लाठी धनौरा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वहीं मुख्य आरोपी आदित्य राणा उर्फ आदि से वारदात में प्रयोग किया गया देसी कट्टा 315 बोर भी बरामद किया गया है। लाडवा थाना प्रभारी गुरनाम सिंह ने बताया कि इस मामले में शिव मोहल्ला लाडवा निवासी एक युवती ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार 18 मार्च की शाम को आरोपी आदित्य राणा उनके घर आया और गाली-गलौच करते हुए उसके भाई के साथ मारपीट की।

देर रात करीब 11-15 बजे वह तुषार पंडित और अन्य 7-8 युवकों के साथ दोबारा आया और फिर मारपीट कर चला गया। इसके बाद रात करीब 2 बजे आरोपी कार में सवार होकर फिर पहुंचे और घर के बाहर फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले में थाना लाडवा में केस दर्ज कर जांच अपराध अन्वेषण शाखा को सौंपी गई थी। जांच के दौरान 24 मार्च को दो नाबालिग आरोपियों को काबू कर वारदात में प्रयोग कार बरामद की गई। 26 मार्च को सावेज, सिमरत उर्फ रोड़ा व तुषार उर्फ बामण को गिरफ्तार किया गया। 31 मार्च को हर्ष सैनी को गिरफ्तार किया गया, जबकि 6 अप्रैल को मुख्य आरोपी आदित्य राणा उर्फ आदि व एक अन्य को भी पुलिस ने काबू कर लिया था।

पुलिस ने आदित्य राणा को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आगे कार्रवाई करते हुए 7 अप्रैल को अपराध अन्वेषण शाखा-1 की टीम ने हर्ष पुनिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी आदित्य राणा की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा 315 बोर बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें