Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ेगा महंगा, सेफ सिटी कैमरों को ई-चालान सिस्टम से जोड़ा

April 10, 2026

ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ेगा महंगा, सेफ सिटी कैमरों को ई-चालान सिस्टम से जोड़ा

लुधियाना: शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सख्त बनाने के लिए पुलिस ने नई तैयारी कर ली है। अब नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए ई-चालान प्रणाली को और व्यापक बनाने का फैसला किया है, जिससे सड़क पर होने वाली लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई हो सके। जानकारी के अनुसार, अब केवल रेड लाइट जंप ही नहीं बल्कि कई अन्य उल्लंघनों पर भी कैमरों के जरिए चालान काटे जाएंगे।

इनमें बिना हैल्मेट वाहन चलाना. तीन सवारी बैठाना, तेज गति से वाहन दौड़ाना और गलत नंबर प्लेट लगाना जैसे मामलों को भी शामिल किया गया है। पुलिस का मानना है कि तकनीक के उपयोग से न केवल निगरानी मजबूत होगी, बल्कि सड़क हादसों में भी कमी आएगी। इस नई व्यवस्था के तहत शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए सेफ सिटी कैमरों को ई-चालान सिस्टम से जोड़ा गया है। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है और सॉफ्टवेयर को अपडेट किया गया है ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

फिलहाल इस व्यवस्था का परीक्षण किया जा रहा है और ट्रायल सफल रहने पर इसे पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। वहीं ई-चालान जारी होने के बाद वाहन मालिक को उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सूचना भेजी जाएगी। इसमें एक लिंक भी होगा, जिसके माध्यम से व्यक्ति अपनी चालान की जानकारी प्राप्त कर सकता है। इसके अलावा केंद्र सरकार की आधिकारिक वैबसाइट पर वाहन नंबर दर्ज कर ओ.टी.पी. के जरिए भी चालान की स्थिति देखी जा सकती है।

दूसरी तरफ जुर्माना राशि का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा। यदि कोई वाहन चालक निर्धारित समय में जुर्माना नहीं भरता है, तो वह राशि वाहन के रिकॉर्ड में बकाया के रूप में दर्ज रहेगी, जिससे भविष्य में उसे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं शहर में पहले भी सीमित स्तर पर ई-चालान की व्यवस्था लागू थी लेकिन अब इसे और विस्तारित किया जा रहा है। पहले केवल कुछ प्रमुख चौकों तक ही यह सुविधा सीमित थी, जहां मुख्य रूप से रेड लाइट उल्लंघन के मामले सामने आते थे।

अब नए बदलाव के बाद अधिक स्थानों को इसमें शामिल किया जा रहा है और नियमों का दायरा भी बढ़ाया गया है। वहीं ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें ताकि जुर्माने से बचने के साथ-साथ सड़क हादसों को भी रोका जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें