खेल डेस्क। आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में रविवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) की भिड़ंत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के साथ हो रही है। वानखेड़े के मैदान पर एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
ये भी पढ़ें :-
मुंबई इंडियंस ने अपने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। मिचेल सैंटनर अल्लाह गजनफर की जगह पर वापसी कर रहे हैं, जबकि मयंक मारकंडे को दीपक चाहर के स्थान पर मौका दिया गया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान हार्दिक ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिच अच्छी लग रही है। हमने पहला मैच दूसरी पिच पर खेला था, यह भी वैसी ही लग रही है। यहां दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना हमेशा अच्छा रहता है। मुझे लगता है कि यह एक बड़ा मैच है। हम बस मैदान पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना चाहते हैं, उन बातों पर अमल करना चाहते हैं जिनके बारे में हमने मीटिंग में बात की है और बस खेल का आनंद लेना चाहते हैं। चाहर और गजनफर की जगह मयंक मारकंडे और मिचेल सैंटनर आए हैं।”
आरसीबी ने अपने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। जोश हेजलवुड की जगह पर जैकब डफी को टीम में शामिल किया गया है। टॉस हारने के बाद कप्तान रजत ने कहा, “जाहिर है, हम पहले गेंदबाजी ही करते। हालांकि, जैसा कि आप सब जानते हैं, यह बल्लेबाजी के लिए एक अच्छी पिच है। गेंद अच्छे बाउंस के साथ बल्ले पर बढ़िया तरीके से आती है। इसी कारण सच कहूं तो इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। हम बोर्ड पर एक अच्छा स्कोर खड़ा करने की कोशिश करेंगे और उन्हें दबाव में रखेंगे। बस एक बदलाव है, हेजलवुड की जगह जैकब डफी आए हैं।”
मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अब तक आईपीएल 2026 में कुछ खास नहीं रहा है। टीम ने इस सीजन खेले 3 मुकाबलों में से दो में हार का सामना किया है, जबकि एक मैच में एमआई को जीत मिली है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम को बारिश से प्रभावित मुकाबले में 27 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। एमआई के बल्लेबाज तो अच्छी लय में दिखाई दिए हैं, लेकिन गेंदबाजी अटैक लय में दिखाई नहीं दिया है।
दूसरी ओर, आरसीबी को आखिरी मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। विराट कोहली, रजत पाटीदार, फिल साल्ट और टिम डेविड बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं। हालांकि, पिछले मैच में टीम का गेंदबाजी अटैक बेअसर नजर आया था और राजस्थान रॉयल्स ने 202 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 18 ओवर में चेज कर लिया था।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मारकंडे और जसप्रीत बुमराह।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी और सुयश शर्मा।
ये भी पढ़ें :-
मेष: दिन शुभ रहेगा...