Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana : सोनीपत निगम चुनाव : जिताऊ प्रत्याशियों की तलाश

April 17, 2026

Haryana : सोनीपत निगम चुनाव : जिताऊ प्रत्याशियों की तलाश

सोनीपत। नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस ने जिताऊ उम्मीदवारों की खोज शुरू कर दी है। इस मामले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक हुई।
इसमें मुख्य रूप से सोनीपत नगर निगम के मेयर और पार्षद पद के उम्मीदवारों के चयन, उनकी योग्यता और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में इन नेताओं ने की शिरकत

चुनाव प्रभारी वीके हरिप्रसाद की अगुवाई में हुई इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, कुमारी शैलजा और रणदीप सुरजेवाला ने शिरकत की। इनके साथ ही सोनीपत कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान और ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया ने भी स्थानीय समीकरणों पर अपनी बात रखी। बैठक में बरोदा से विधायक इंदुराज नरवाल, पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार, पूर्व विधायक जगबीर मालिक, पूर्व विधायक जयबीर वाल्मीकि, पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने निगम चुनावों के लिए अपनी राय साझा की।

साफ छवि के प्रत्याशियों पर नजर

बैठक में सोनीपत नगर निगम में मेयर और वार्ड पार्षदों के लिए ऐसे प्रत्याशियों के चयन पर चर्चा हुई, जिनकी छवि साफ हो और जो जनता के बीच पकड़ रखते हों। इस बात पर सहमति बनी कि टिकट वितरण में जिताऊ उम्मीदवार ही एकमात्र पैमाना होगा। इसी कड़ी में उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, सामाजिक सक्रियता और पार्टी के प्रति निष्ठा को आधार बनाकर एक सूची तैयार की जा रही है।

चुनाव की सूचना से चढ़ा सियासी पारा

नगर निगम चुनाव की सूचना के साथ ही सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस ने इस बार सत्ता विरोधी लहर को भुनाने और नगर सरकार पर कब्जा करने के लिए कमर कस ली है। कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान ने कहा कि पार्टी इस बार फूंक-फूंक कर कदम रख रही है और उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि इस बार केवल कागजी दावेदारी नहीं चलेगी, बल्कि पार्टी की विशेष कमेटी हर उम्मीदवार का इंटरव्यू लेगी ताकि केवल कर्मठ और विजेता उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारा जाए।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें