खेल डेस्कः इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच एक बड़ा विवाद सामने आया है। नियमों के उल्लंघन पर BCCI ने सख्त कार्रवाई करते हुए राजस्थान रॉयल्स (RR) के मैनेजर रोमी भिंडर पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
यह मामला गुवाहाटी में खेले गए राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मैच के दौरान सामने आया, जहां रोमी भिंडर को PMOA (Players and Match Officials Area) में मोबाइल फोन लेकर जाने और डगआउट में उसका इस्तेमाल करते हुए पाया गया। IPL के नियमों के अनुसार, इस क्षेत्र में फोन ले जाना और उसका उपयोग करना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया के मुताबिक, बोर्ड की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) ने इस मामले में भिंडर से स्पष्टीकरण मांगा था। हालांकि, उनके जवाब से यूनिट पूरी तरह संतुष्ट नहीं हुई। इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन पर ₹1 लाख का जुर्माना लगाया गया और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की चेतावनी भी दी गई। IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट में PMOA को बेहद संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहां किसी भी तरह की अनधिकृत संचार गतिविधि पर सख्त रोक होती है, ताकि भ्रष्टाचार या मैच फिक्सिंग जैसी आशंकाओं को रोका जा सके।
रोमी भिंडर की सफाई
रिपोर्ट्स के अनुसार, रोमी भिंडर हाल ही में फेफड़ों से जुड़ी गंभीर समस्या (collapsed lung) से उबर रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें ज्यादा मूवमेंट से बचने की सलाह दी थी, जिसके कारण ड्रेसिंग रूम तक बार-बार जाना उनके लिए मुश्किल था। बताया गया कि उन्होंने फोन का इस्तेमाल निजी बातचीत के लिए नहीं, बल्कि टीम मैनेजमेंट और क्रिकेट ऑपरेशन्स से जुड़े जरूरी कम्युनिकेशन के लिए किया था। कई बार BCCI और फ्रेंचाइजी के बीच आधिकारिक बातचीत व्हाट्सऐप जैसे प्लेटफॉर्म्स के जरिए भी होती है, इसलिए उनके पास मोबाइल होना जरूरी बताया गया।