Punjab Weather Today: पंजाब में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। बठिंडा में सबसे अधिक 41.1°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में पारा 40.0°C तक पहुंच गया। बीते 24 घंटों में औसत तापमान में 1.8 डिग्री की वृद्धि हुई है, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार, 24 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खान-पान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
8 शहरों में 41°C के आसपास तापमान
राज्य के 18 शहरों में अधिकतम तापमान 35 से 41 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। अमृतसर में 36.8°C, लुधियाना में 39.8°C, पटियाला में 40.4°C और होशियारपुर में 37.3°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं मोहाली में 38.1°C, फिरोजपुर में 37.2°C और भाखड़ा डैम क्षेत्र में 37.4°C तापमान दर्ज हुआ।
फरीदकोट और फाजिल्का में तापमान स्थिर रहा, जबकि गुरदासपुर में 34.0°C के साथ 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बल्लोवाल सौंखड़ी और सलेरना में सबसे अधिक 3.3 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। 18 से 24 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक वृद्धि का अनुमान है।
23 अप्रैल तक 40°C के आसपास रहेगा पारा
राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर (रोपड़) और नवांशहर में तापमान 32 से 36 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। वहीं अन्य क्षेत्रों में यह 36 से 40 डिग्री के बीच बना रहेगा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में यह 16 से 18°C के बीच और बाकी हिस्सों में 18 से 20°C के बीच रह सकता है।
ये भी पढ़ें…
मौसम रहेगा शुष्क, बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार, फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में गर्मी और तीव्र होने के आसार हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।