Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana : वाटर बिल अपडेट कराने के नाम पर तीन लाख उड़ाए

April 19, 2026

Haryana : वाटर बिल अपडेट कराने के नाम पर तीन लाख उड़ाए

सोनीपत। शहर में वाटर बिल अपडेट कराने के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने एक व्यक्ति से फर्जी मोबाइल ऐप डाउनलोड कराकर उसके बैंक खाते से लगभग तीन लाख रुपये उड़ा लिए।

मैसेज भेजकर दिया वारदात को अंजाम

शनिवार को साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बत्रा कॉलोनी निवासी दिनेश कुमार कटारिया ने पुलिस को बताया कि 16 अप्रैल 2026 की सुबह उनके मोबाइल पर एक टेक्स्ट मैसेज आया। मैसेज में लिखा था कि नगर निगम का वाटर बिल अपडेट न होने के कारण उनकी कंज्यूमर आईडी बंद कर दी गई है और उसे चालू कराने के लिए दिए गए नंबर पर कॉल करने को कहा गया।

20 मिनट तक बात करके विश्वास में लिया

कुछ देर बाद सौरव नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने करीब 20 मिनट तक बात कर विश्वास में लिया और सर्विस के नाम की एपीके फाइल डाउनलोड करवाई। पीड़ित के अनुसार ऐप में निजी जानकारी भरने के बाद ठग ने 13 रुपये फीस ट्रांसफर करने को कहा। जैसे ही उन्होंने अपना बैंक खाता नंबर दर्ज किया, मोबाइल पर 99 हजार रुपए कटने का मैसेज आ गया।

बैंक पहुंचने तक हो चुकी थी राशि ट्रांसफर

घबराकर वह तुरंत बैंक पहुंचे, लेकिन तब तक ठगों ने एक लाख 98 हजार रुपए की एक और ट्रांजैक्शन कर दी। इस तरह दो लाख 97 हजार रुपए खाते से निकाल लिए गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि ठग फर्जी दस्तावेज और आधार कार्ड के आधार पर बैंक खाते खुलवा कर लोगों को निशाना बना रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित ने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना सोनीपत पुलिस के अनुसार जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम फोन नंबर और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री के आधार पर ठगों की लोकेशन ट्रेस कर रही है।

Also Read :

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें