
पंचकूला। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा राज्य महिला आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए। उन्हें देहरादून में शो के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल के मामले में तलब किया गया था। उनकी अनुपस्थिति में उनके वकील ने आयोग के समक्ष जवाब प्रस्तुत किया।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने कहा कि मासूम शर्मा को एक और मौका दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शर्मा को दोबारा पेश होने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। यदि वे अगली तारीख पर भी उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मासूम शर्मा ने चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि वे व्यस्त हैं और आयोग के सामने पेश नहीं हो पाएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि वे पहले ही इस मामले में माफी मांग चुके हैं और इसकी जानकारी ईमेल के माध्यम से आयोग को दे दी है।
रेणू भाटिया ने कहा कि मासूम शर्मा ने स्वीकार किया है कि वे लंबे समय से मंच पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो एक कलाकार के लिए उचित नहीं है। गौरतलब है कि 11 अप्रैल को देहरादून के डीएवी कॉलेज में आयोजित एक लाइव शो के दौरान शर्मा ने मंच से आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस घटना के बाद मामला तूल पकड़ चुका है और अब सभी की नजर आयोग द्वारा तय अगली सुनवाई की तारीख पर है।
मासूम शर्मा ने फिर से दोहराया था कि मुझे और मेरे भाई को धमकी मिली थी। इससे मैं तनाव में था। इसी तनाव की वजह से वो सब हुआ था। मेरी मानसिक स्थिति सही नहीं थी, जिसकी वजह से ये हुआ और इसके लिए फिर माफी मांगता हूं। मासूम शर्मा ने कहा कि हरियाणा महिला आयोग के समन पर हमने जवाब दे दिया था। अगर कोई सवाल-जवाब होता है तो देखते हैं। मैं महिलाओं की इज्जत करता हूं। मुझे लगता है, मंच से मुझे ये नहीं कहना चाहिए था। लोग बातें करते हैं, लेकिन पीछे की सच्चाई नहीं जानते। जहां एफआईआर हुई है, वहां फिजिकली भी जाऊंगा। जिसने मुझे धमकी दी है, वो बीजेपी के कई मंचों पर दिखाई दिया है, हालांकि वो कोई नेता नहीं है।
Also Read :