23 से 24 अप्रैल तक ब्रिक्स देशों के उप विदेश मंत्रियों और मध्य पूर्व मामलों के विशेष दूतों की परामर्श बैठक (ब्रिक्स MENA बैठक) नई दिल्ली में आयोजित हुई। मध्य पूर्व मामलों पर चीन सरकार के विशेष दूत चाई च्युन ने चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए इसमें भाग लिया।
चाई च्युन ने कहा कि वर्तमान में मध्य पूर्व की स्थिति बेहद नाजुक है। युद्धविराम अस्थिर है, क्षेत्रीय सुरक्षा कमजोर हो रही है और मानवीय हालात गंभीर बने हुए हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि हाल ही में राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए चार प्रस्ताव पेश किए हैं, जो क्षेत्रीय संघर्ष को समाप्त करने और मौजूदा संकट के समाधान के लिए चीन का दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि ब्रिक्स देशों को अपनी स्वतंत्रता और स्वायत्तता बनाए रखते हुए न्याय और नैतिकता का पालन करना चाहिए। साथ ही, आपसी सहमति और एकजुटता को मजबूत कर मध्य पूर्व और विश्व में शांति स्थापित करने के लिए ब्रिक्स को एक सकारात्मक, स्थिर और रचनात्मक शक्ति के रूप में भूमिका निभानी चाहिए।
बैठक में प्रतिभागियों ने मध्य पूर्व के संवेदनशील मुद्दों पर गहन चर्चा की और क्षेत्रीय तनावों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सभी देशों की संप्रभुता, स्वतंत्रता और प्रादेशिक अखंडता के सम्मान पर जोर दिया। साथ ही, राजनीतिक और राजनयिक माध्यमों से मतभेदों को सुलझाने का आह्वान किया गया। प्रतिभागियों ने इस बात पर भी सहमति जताई कि अगले वर्ष चीन की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान मध्य पूर्व मामलों पर इस तरह के परामर्श जारी रखे जाएंगे। बैठक के बाद मेजबान देश भारत ने अध्यक्षीय बयान जारी किया।
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, 23 अप्रैल को, चाई च्युन ने नई दिल्ली में भारत के विदेश मंत्रालय की सचिव (दक्षिण) नीना मल्होत्रा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने ब्रिक्स तंत्र के तहत सहयोग को और मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान किया। बैठक में भारत में चीन के राजदूत श्यू फेइहोंग भी मौजूद रहे।
चाई च्युन ने कहा कि चीन और भारत दोनों प्रमुख विकासशील देश हैं, जो अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर लगातार संवाद बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि चीन, ब्रिक्स में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका को महत्व देता है और आशा करता है कि मध्य पूर्व से जुड़े मुद्दों पर ब्रिक्स की चर्चाएं क्षेत्रीय स्थिति पर संतुलित और प्रभावी दृष्टिकोण अपनाते हुए शांति और स्थिरता को बढ़ावा देंगी।
वहीं, नीना मल्होत्रा ने कहा कि भारत ब्रिक्स तंत्र में चीन द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को महत्व देता है और संबंधित ब्रिक्स गतिविधियों के आयोजन में चीन के समर्थन की सराहना करता है। उन्होंने आगे कहा कि भारत, ब्रिक्स सहयोग को सफल बनाने के लिए चीन सहित सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करता रहेगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
ये भी पढ़ें- बाल-बाल बचे Donald Trump! डिनर करते समय हिल्टन होटल में फायरिंग, मचा हड़कंप, देखें वीडियो