Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

बैंकॉक में थाई प्रधानमंत्री और चीनी विदेश मंत्री के बीच मुलाकात

April 25, 2026

बैंकॉक में थाई प्रधानमंत्री और चीनी विदेश मंत्री के बीच मुलाकात

24 अप्रैल को, थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने राजधानी बैंकॉक में चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान अनुतिन ने वांग यी से चीनी नेताओं को अपनी शुभकामनाएँ पहुँचाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष थाईलैंड और चीन ने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ संयुक्त रूप से मनाई, जिससे द्विपक्षीय संबंध एक नए ऐतिहासिक मोड़ पर पहुँच गए हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उन्होंने राजा महा वजीरालोंगकोर्ण के साथ उनकी सफल चीन यात्रा में भाग लिया और थाईलैंड-चीन के घनिष्ठ तथा मजबूत संबंधों को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव किया।

थाईलैंड दृढ़ता से पालन करता नीति  

प्रधानमंत्री अनुतिन ने आगे कहा कि वर्तमान जटिल और अस्थिर अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में थाईलैंड एक-चीन नीति का दृढ़ता से पालन करता है और चीन के साथ मिलकर दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच बनी सहमति को प्रभावी ढंग से लागू करना चाहता है। उन्होंने विकास रणनीतियों के समन्वय को मजबूत करने, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने, ऑनलाइन जुआ और दूरसंचार धोखाधड़ी पर सख्ती से अंकुश लगाने तथा थाई-चीनी मित्रता को जन-जन तक और गहराई से पहुँचाने की प्रतिबद्धता जताई।  अनुतिन ने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद को सुलझाने में चीन द्वारा किए गए प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि चीन आगे भी रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा। मुलाकात में वांग यी ने चीनी नेताओं की ओर से हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष राजा वजीरालोंगकोर्ण की सफल चीन यात्रा के दौरान दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने साझा भविष्य वाले चीन-थाईलैंड समुदाय के निर्माण की दिशा में एक नया अध्याय शुरू किया। उन्होंने यह भी कहा कि चीन हमेशा से थाईलैंड का भरोसेमंद और विश्वसनीय रणनीतिक साझेदार रहा है। “चीन और थाईलैंड एक परिवार हैं” की अवधारणा को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त है और इसके और विस्तार की संभावनाएँ उज्ज्वल हैं।

चाहता है विश्वास और समर्थन को मजबूत करना 

वांग यी ने कहा कि जटिल और अस्थिर वैश्विक परिस्थिति में चीन थाईलैंड के साथ पारस्परिक सम्मान, विश्वास और समर्थन को मजबूत करना चाहता है। उन्होंने पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाने और रणनीतिक सहयोग को सुदृढ़ करने पर बल दिया। साथ ही, नई ऊर्जा, बुनियादी ढाँचा और कृषि जैसे क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार कर अधिक स्थिर, समृद्ध और टिकाऊ चीन-थाईलैंड समुदाय के निर्माण को आगे बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की, ताकि क्षेत्रीय स्थिरता और विकास में योगदान दिया जा सके। इसके अलावा, वांग यी ने प्रधानमंत्री अनुतिन के नेतृत्व में थाईलैंड की नई सरकार द्वारा आर्थिक विकास को गति देने और जन-जीवन में सुधार के प्रयासों का समर्थन किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि थाईलैंड ऑनलाइन जुआ और दूरसंचार धोखाधड़ी के खिलाफ अपने प्रयासों को और तेज करेगा, जिससे दोनों देशों के संबंधों के लिए अनुकूल वातावरण बनेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि थाईलैंड और कंबोडिया के साझा मित्र के रूप में चीन संवाद को बढ़ावा देने, आपसी विश्वास बहाल करने और दोनों देशों के संबंधों को बेहतर बनाने में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

ये भी पढ़ें- बाल-बाल बचे Donald Trump! डिनर करते समय हिल्टन होटल में फायरिंग, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें