नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी की जीत को लेकर भरोसा जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके कहा कि “मां, माटी, मानुष” की जीत अब सिर्फ एक भविष्यवाणी नहीं, बल्कि तय है, बस नतीजों का इंतजार है।
ममता बनर्जी ने बताया कि हाल के दिनों में उनकी पदयात्राओं और जनसभाओं में लोगों का बहुत ज्यादा उत्साह और समर्थन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि जनता का यह प्यार और भरोसा कई सालों से उनके साथ खड़े रहने का नतीजा है, खासकर मुश्किल समय में। उन्होंने पश्चिम बंगाल की पहचान पर जोर देते हुए कहा कि यह राज्य हमेशा से भाईचारे, संस्कृति और गर्व का प्रतीक रहा है। उनके अनुसार, कुछ ताकतें राज्य को बांटने और इसकी विरासत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन बंगाल की जागरूक जनता उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि विकास योजनाएं राज्य के हर हिस्से तक पहुंची हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाएं लोगों के लिए सुरक्षा कवच हैं, जिन्हें कोई भी ताकत खत्म नहीं कर सकती। वोटरों से अपील करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि 29 अप्रैल को होने वाले मतदान में लोग “जोराफूल” (टीएमसी का चुनाव चिन्ह) का बटन दबाकर अपनी संस्कृति, भाषा और बंगाल की पहचान की रक्षा करें और उनकी पार्टी को भारी बहुमत से जिताएं।
वहीं, राज्य में चुनावी माहौल काफी गरम हो चुका है। दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी और मतगणना 4 मई को की जाएगी। पहले चरण में करीब 93.2% मतदान हुआ था, जो काफी ज्यादा माना जा रहा है। इस बीच पीएम मोदी भी राज्य में रैली करने वाले हैं, जिससे चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...