Today Weather 28 April 2026: देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदलता दिखाई दे रहा है। कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी है तो कहीं भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार पश्चिमी हवाओं में सक्रिय होने के कारण उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
पहाड़ी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, कश्मीर और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में आज तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी संभव है। वहीं बात उत्तर प्रदेश और बिहार की करें तो 28 अप्रैल से 2 मई के बीच हल्की बारिश की संभावना है।
ये भी पढ़ें- आज का राशिफल: आज किस राशि पर बरसेगी हनुमान जी की कृपा, जानें 12 राशियों का राशिफल
इसके विपरीत देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। पश्चिमी राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात और तेलंगाना में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तापमान काफी ऊंचा बना रह सकता है। केरल में उमस भरा मौसम लोगों को परेशान करेगा, जबकि गुजरात और तमिलनाडु में भी मौसम गर्म बने रहने की संभावना है। ओडिशा में यह स्थिति 1 मई तक जारी रह सकती है।
राजधानी में बारिश
राजधानी दिल्ली में भी मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हाल के दिनों में यहां तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। शाम के समय हल्की बूंदाबांदी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री और न्यूनतम 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
यूपी में दिखाई देगा लू का असर
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का दोहरा रूप दिखाई देगा। पश्चिमी जिलों जैसे नोएडा, आगरा और मेरठ में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। तो वहीं लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर सहित करीब 40 जिलों में लू का असर दिखाई देगा।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 28 अप्रैल 2026
बिहार में आंधी बारिश
बिहार के किशनगंज, पूर्णिया और सुपौल में अगले 48 घंटों के दौरान आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि राज्य के दक्षिणी हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।
राजस्थान में तेज हवाएं
राजस्थान में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा, खासकर पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में। हालांकि 28 और 29 अप्रैल को कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
पंजाब और हरियाणा
पंजाब और हरियाणा में 28 से 30 अप्रैल के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।