एंटरटेनमेंट डेस्क: भारतीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत प्रसिद्ध फिल्म निर्माता अशुतोष गोवारिकर को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के 57वें संस्करण का फेस्टिवल डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति सूचना और प्रसारण मंत्रालय की पहल के तहत की गई है, जो इस प्रतिष्ठित महोत्सव के साथ गोवारिकर के लंबे जुड़ाव को और मजबूत करती है।
गौरतलब है कि आशुतोष गोवारिकर का IFFI के साथ रिश्ता दशकों पुराना है, जिससे यह नियुक्ति उनके निरंतर जुड़ाव का एक स्वाभाविक विस्तार मानी जा रही है। शुरुआती वर्षों में एक प्रतिभागी के रूप में शामिल होने से लेकर हाल के संस्करणों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाने तक, जिसमें 2024 में इंटरनेशनल सिनेमा के ज्यूरी प्रेसिडेंट के रूप में उनकी भूमिका भी शामिल है, उनका सफर इस फेस्टिवल के साथ गहरे संबंध को दर्शाता है।
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए गोवारिकर ने कहा, “इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया, गोवा के फेस्टिवल डायरेक्टर के रूप में सेवा करना मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मैंने इस फेस्टिवल के विकास को करीब से देखा है। 1984 में इसमें शामिल होने से लेकर 2024 तक इसके साथ जुड़ा रहा हूं।”
ये भी पढ़ें…
उन्होंने आगे कहा, “1952 से अब तक कई फेस्टिवल टीमों द्वारा बनाई, संजोई और विकसित की गई इस विरासत को आगे बढ़ाना मेरे लिए एक बड़ा सम्मान है, जिसके साथ एक नई जिम्मेदारी भी जुड़ी है। मैं सूचना और प्रसारण मंत्रालय और गोवा सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।”
1952 में स्थापित IFFI एशिया के सबसे प्रमुख फिल्म फेस्टिवलों में से एक है, जो वैश्विक सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है और कहानी कहने के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देता है। गोवारिकर के नेतृत्व में, 57वां संस्करण इस विरासत को आगे बढ़ाने और वैश्विक मंच पर भारत की सिनेमाई पहचान को और मजबूत करने की उम्मीद है।