राजपुरा: राजपुरा के नजदीक स्थित गांव बपरौर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां छत के ऊपर से गुजर रही हाईटैंशन बिजली की तारों की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। करंट लगने से उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया और वह दूसरी मंजिल से नीचे गली में गिर गई। जानकारी अनुसार युवती के पिता सतनाम सिंह अपने घर की दूसरी मंजिल का निर्माण कार्य करवा रहे थे।
उन्होंने बताया कि घर की छत के ऊपर से गुजर रही हाईटैंशन तारों को हटाने के लिए उन्होंने कई बार गांव के सरपंच से अनुरोध किया था, लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसके अलावा, घनौर स्थित पीएसपीसीएल कार्यालय में भी तार शिफ्ट करवाने के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन कार्रवाई लंबित रही।सतनाम सिंह का आरोप है कि सरपंच ने इस कारण सहयोग नहीं किया क्योंकि हमने उसे वोट नहीं डाली थी, जिसके चलते समय पर तारें शिफ्ट नहीं हो सकीं और उनकी बेटी हादसे का शिकार हो गई। उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस को भी दी है।
वहीं, सरपंच पक्ष का कहना है कि इस घटना से उनका कोई संबंध नहीं है। सरपंच के पति ने बताया कि बिजली की तारों को शिफ्ट करना पीएसपीसीएल का काम है और इसके लिए जरूरी प्रक्रिया तथा फीस जमा करवाना जरूरी होता है। पीएसपीसीएल के जेई संदीप सिंह के अनुसार, तार शिफ्ट करने की फाइल उनके पास आई थी, लेकिन प्रस्तावित रूट पर सरपंच द्वारा आपत्ति जताई गई थी। बाद में वैकल्पिक रूट का एस्टीमेट बनाकर हैड ऑफिस भेजा गया था, इसी बीच हादसा हो गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घायल युवती का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...