Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update: कहीं बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं, कहीं गर्मी और उमस से बढ़ेगी लोगों की परेशानी

May 8, 2026

Weather Update: कहीं बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं, कहीं गर्मी और उमस से बढ़ेगी लोगों की परेशानी

Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। कुछ राज्यों में तेज बारिश और आंधी से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है, जबकि कई इलाकों में तापमान और उमस बढ़ने लगी है। IMD के मुताबिक आने वाले दिनों में उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। वहीं राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा उत्तर भारत का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम फिर करवट लेने वाला है। 11 से 13 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। खासकर उत्तराखंड में 8 मई को तेज तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।

ये भी पढ़ें: हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 08 मई 2026

पंजाब, हरियाणा और यूपी में बारिश के आसार

उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में 12 मई तक मौसम सक्रिय बना रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। दिन के समय गर्मी महसूस होगी, लेकिन शाम होते-होते आंधी और हल्की बारिश राहत दे सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।

पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बारिश

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम काफी सक्रिय है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन राज्यों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों में असम और मेघालय के कई इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। धुबरी में लगभग 4 सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि शिलांग और चेरापूंजी में करीब 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण यहां तापमान में गिरावट देखी जा रही है और मौसम सुहावना बना हुआ है।

बिहार, झारखंड और बंगाल में भी आंधी-बारिश

बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार और झारखंड में 10 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज आंधी चल सकती है। कोलकाता, पटना और पूर्णिया जैसे शहरों में हाल ही में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत में सबसे ज्यादा असर केरल और तमिलनाडु में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के कई इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर 115 मिमी से ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले पांच से सात दिनों तक बारिश जारी रह सकती है। तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग ने समुद्र में जाने वाले मछुआरों और समुद्र किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

राजस्थान और गुजरात में लू का खतरा

जहां कई राज्यों में बारिश हो रही है। वहीं पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में गर्मी बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 9 से 13 मई के बीच इन इलाकों में लू चल सकती है। गुजरात के राजकोट में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो देश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं हरियाणा के रोहतक में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें: Punjab Weather Update: पंजाब में इस तारीख से फिर बदलेगा मौसम, IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट

बारिश के बाद बढ़ सकती है उमस

बारिश के बावजूद कई इलाकों में उमस बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं मध्य भारत में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण और गोवा के कई इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। फिलहाल देश में बड़े स्तर पर लू की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी आने वाले दिनों में असर दिखा सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें