Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिराज को एक इशारा और वैभव सूर्यवंशी की पारी का अंत, आशीष नेहरा ने बदल दिया मैच का रुख

May 10, 2026

सिराज को एक इशारा और वैभव सूर्यवंशी की पारी का अंत, आशीष नेहरा ने बदल दिया मैच का रुख

खेल डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से चर्चा में बने हुए हैं। शनिवार 9 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वे गुजरात टाइटन्स के खिलाफ तेज शुरुआत की।

केवल 15 गेंदों में 36 रन बना डाले

सिर्फ 15 साल के वैभव ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की पहली ही गेंद पर शानदार छक्का लगाकर सभी को चौंका दिया। इसके बाद भी उन्होंने लगातार बड़े शॉट लगाए और केवल 15 गेंदों में 36 रन बना डाले। उस समय ऐसा लग रहा था कि राजस्थान रॉयल्स मैच में जोरदार वापसी कर सकती है।

इसी दौरान कैमरे में एक दिलचस्प पल कैद हुआ। गुजरात टाइटन्स के हेड कोच आशीष नेहरा बाउंड्री लाइन के पास खड़े होकर इशारों में सिराज को कुछ समझाते दिखाई दिए। नेहरा अपने हाथ से सिर की तरफ इशारा कर रहे थे, जिसे देखकर माना गया कि वह सिराज को बाउंसर गेंद डालने का संकेत दे रहे थे। यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

 

नेहरा के इशारे के तुरंत बाद सिराज ने 146.6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज बाउंसर फेंकी। गेंद की उछाल और गति से वैभव पूरी तरह चकमा खा गए। उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में चली गई। वहां खड़े अरशद खान ने आसान कैच पकड़ लिया और वैभव की पारी खत्म हो गई। विकेट लेने के बाद मोहम्मद सिराज का जोशीला अंदाज भी देखने को मिला। वह जोर से चिल्लाते हुए जश्न मनाते नजर आए, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

ऑरेंज कैप की रेस में पांचवें स्थान पर वैभव 

हालांकि वैभव बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन उनकी 36 रनों की तेज पारी ने एक बार फिर सबका ध्यान खींचा। इस सीजन में अब तक वह 440 रन बना चुके हैं और ऑरेंज कैप की रेस में पांचवें स्थान पर हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए वह इस सीजन के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरे हैं।

मैच का ब्यौरा

मैच की बात करें तो गुजरात टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 229/4 का बड़ा स्कोर बनाया। कप्तान शुभमन गिल ने 84 रन, साई सुदर्शन ने 55 रन और वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 37 रन बनाए। जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम 152 रन पर ऑलआउट हो गई और गुजरात टाइटन्स ने मुकाबला 77 रन से जीत लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें