पंजाब डेस्क: पंजाब में विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने पूरे पंजाब में केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राज्य के कई जिलों में पार्टी नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के पुतले जलाए और भाजपा पर एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोप लगाए।
जालंधर में BJP के खिलाफ नारेबाजी
जालंधर के शास्त्री मार्केट चौक में आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। नकोदर से विधायक इंद्रजीत कौर मान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए कर रही है।
कैबिनेट मंत्री महेंद्र भगत ने भी केंद्र सरकार पर पंजाब के विकास कार्यों में बाधा डालने और आरडीएफ फंड रोकने के आरोप लगाए।
बरनाला में सांसद मीत हेयर की अगुवाई में प्रदर्शन
बरनाला के कचहरी चौक में सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विधायक लाभ सिंह उगोके और कुलवंत सिंह पंडोरी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मीत हेयर ने कहा कि भाजपा चुनावी फायदे के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों के दबाव में कई नेताओं को भाजपा में शामिल करवाया गया, लेकिन पंजाब के नेता डरने वाले नहीं हैं।
मोगा में भी जिला स्तरीय विरोध
मोगा जिले में चारों विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों की मौजूदगी में जिला स्तरीय प्रदर्शन आयोजित किया गया। विधायक लाडी ढोस और डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने भाजपा पर राजनीतिक साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को दबाव में लाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन पंजाब के लोग ऐसी राजनीति से डरने वाले नहीं हैं। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो इसका कड़ा राजनीतिक जवाब दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें…
पंजाबभर में हुए इन प्रदर्शनों के जरिए आम आदमी पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि वह संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के मुद्दे को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है। पार्टी अब इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाकर केंद्र सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की तैयारी में जुटी दिखाई दे रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...