मनोरंजन डेस्कः टीवी इंडस्ट्री की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल दोनों की जोड़ी को फैंस प्यार से ‘तेजरन’ कहते हैं और उनकी हर तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती है। लेकिन इस बार उनका नया व्लॉग लोगों के बीच बहस का कारण बन गया है। हाल ही में तेजस्वी प्रकाश ने अपने यूट्यूब चैनल पर मॉरीशस ट्रिप का एक नया व्लॉग शेयर किया। इस वीडियो में वह करण कुंद्रा के साथ छुट्टियां एंजॉय करती नजर आईं। वीडियो में दोनों के बीच की बॉन्डिंग और रोमांटिक केमिस्ट्री साफ दिखाई दी, लेकिन कुछ सीन ऐसे थे जिन्हें देखकर सोशल मीडिया यूजर्स नाराज हो गए।
पूल में साथ नजर आए तेजस्वी और करण
व्लॉग के एक हिस्से में तेजस्वी और करण एक छोटे से प्लंज पूल में दिखाई देते हैं। वीडियो में तेजस्वी कैमरे से बात करते हुए बताती हैं कि उन्होंने अपने बालों में तेल लगाया हुआ है और काफी समय से हेयर ऑयलिंग कर रहे हैं। तेजस्वी कहती हैं कि उन्हें बालों में तेल लगाए करीब एक घंटा हो चुका है और उन्होंने फेस पैक भी लगाया हुआ है। इस दौरान करण उनके पीछे खड़े दिखाई देते हैं और दोनों काफी मस्ती के मूड में नजर आते हैं। वीडियो में दोनों बहुत रिलैक्स और खुश दिख रहे थे, लेकिन यही सीन कुछ लोगों को पसंद नहीं आया।
रोमांटिक डिनर की भी दिखाई झलक
वीडियो में आगे तेजस्वी बताती हैं कि अब वे शावर लेने वाले हैं ताकि बालों से तेल निकाल सकें। इसके बाद दोनों रोमांटिक कैंडल लाइट डिनर के लिए तैयार होने की बात करते हैं। तेजस्वी मजाकिया अंदाज में कहती हैं कि अब उन्हें जल्दी तैयार होना है क्योंकि उनका रोमांटिक डिनर प्लान है। करण भी इस दौरान उनका साथ देते हुए नजर आते हैं और दोनों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक भी देखने को मिलती है।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई आलोचना
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर अपनी नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी। कुछ लोगों का कहना है कि कपल को अपनी निजी जिंदगी के इतने पर्सनल पल कैमरे पर शेयर नहीं करने चाहिए। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि कुछ बातें निजी ही रहनी चाहिए और हर चीज सोशल मीडिया पर दिखाना जरूरी नहीं होता। वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि अगर दोनों इतना समय साथ बिताते हैं तो अब उन्हें शादी कर लेनी चाहिए। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि ऐसे वीडियो सिर्फ लाइक्स और व्यूज पाने के लिए बनाए जा रहे हैं।
फैंस ने किया कपल का बचाव
हालांकि, जहां एक तरफ ट्रोलर्स कपल को लगातार निशाना बना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके फैंस खुलकर उनके सपोर्ट में उतर आए हैं। फैंस का कहना है कि तेजस्वी और करण अपनी जिंदगी अपने तरीके से जी रहे हैं और इसमें गलत कुछ भी नहीं है। कई फैंस ने कमेंट कर लिखा कि दोनों की केमिस्ट्री बेहद प्यारी है और लोग बेवजह उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। कुछ लोगों ने तो यह भी कहा कि अगर किसी को वीडियो पसंद नहीं है तो उसे देखना जरूरी नहीं है।
पहले भी ट्रोल हो चुके हैं तेजस्वी और करण
यह पहली बार नहीं है जब तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा अपने वीडियो या तस्वीरों को लेकर ट्रोल हुए हों। इससे पहले भी दोनों को उनके बोल्ड अंदाज और रोमांटिक पोस्ट्स की वजह से सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। फिलहाल उनका यह मॉरीशस पूल वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग लगातार इस पर अपनी राय दे रहे हैं।