Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

चौथी तिमाही में घाटे के बाद Symphony के शेयर 15 महीने के निचले स्तर पर पहुंचे

May 18, 2026

चौथी तिमाही में घाटे के बाद Symphony के शेयर 15 महीने के निचले स्तर पर पहुंचे

सिम्फनी लिमिटेड द्वारा वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में घाटा दर्ज किए जाने के बाद सोमवार को कंपनी के शेयर में करीब 8 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। यह फरवरी 2025 के बाद शेयरों में एक दिन में आई अब तक की सबसे बड़ी गिरावट थी।

इसकी वजह कंपनी के ऑस्ट्रेलियाई परिचालन में नुकसान होना है।

दोपहर के कारोबार के दौरान शेयर 7.47 प्रतिशत गिरकर 725.5 रुपए पर कारोबार कर रहा था। कंपनी के शेयरों में पिछले एक महीने में 11 प्रतिशत की गिरावट आई है, 2026 में अब तक 21 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, और हाल ही के 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर 1,309 रुपए से लगभग 45 प्रतिशत की गिरावट आई है।

ये भी पढ़ें- https://dainiksaveratimes.com/business/realme-smart-aiot-ecosystem-india/

सिम्फनी ने मार्च तिमाही के लिए 218 करोड़ रुपए का समेकित शुद्ध घाटा दर्ज किया, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 79 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ हुआ था।

मुनाफे में आई तीव्र गिरावट का मुख्य कारण ऑस्ट्रेलिया स्थित सहायक कंपनी के परिचालन से संबंधित नुकसान था।

कंपनी द्वारा जारी एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, परिचालन से राजस्व में वार्षिक आधार पर 30.7 प्रतिशत की गिरावट आई और यह तिमाही 338 करोड़ रुपए रहा, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की इसी तिमाही में यह 488 करोड़ रुपए था।

मार्च तिमाही में परिचालन प्रदर्शन पर भी दबाव बना रहा। ईबीआईटीडीए में 53.3 प्रतिशत की गिरावट आई और यह एक वर्ष पूर्व के 107 करोड़ रुपए से घटकर 50 करोड़ रुपए रह गया, जबकि ईबीआईटीडीए मार्जिन इसी अवधि में 21.9 प्रतिशत से घटकर 14.8 प्रतिशत हो गया।

सिम्फनी ने क्लाइमेट होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड (पूर्व में सिम्फनी एयू प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जानी जाती थी) से संबंधित गुडविल में 173.09 करोड़ रुपए की हानि दर्ज की।

कंपनी ने बताया कि व्यावसायिक प्रदर्शन और मुनाफे में गिरावट के साथ-साथ प्रबंधन के प्रयासों के बावजूद अपेक्षित बिजनेस हासिल करने में विफलता के कारण नुकसान हुआ है।

इस तिमाही के दौरान सिम्फनी के प्रदर्शन पर मौसम संबंधी चुनौतियों, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और इसकी अंतरराष्ट्रीय सहायक कंपनियों में परिचालन संबंधी समस्याओं का प्रभाव पड़ा।

हालांकि, प्रबंधन ने संकेत दिया कि सहायक कंपनियों का प्रदर्शन स्वतंत्र परिचालन की तुलना में अपेक्षाकृत बेहतर रहा।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें