
पंजाब डेस्कः पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पिछले 6 दिनों से लापता मशहूर पंजाबी गायिका यशइंदर कौर उर्फ इंदर कौर की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने उनका शव नीलो नहर से बरामद किया है। शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे एकतरफा प्यार और सनक की खौफनाक कहानी सामने आई है।
परिवार और संगीत जगत में शोक की लहर
गायिका की मौत की पुष्टि होते ही परिवार और पंजाबी संगीत जगत में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर समराला के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
बाजार जाने के बाद अचानक लापता हुईं इंदर कौर
मृतका के भाई जोतइंदर सिंह के मुताबिक, 13 मई की रात करीब 8:30 बजे इंदर कौर अपनी फोर्ड फिगो कार से घरेलू सामान लेने बाजार गई थीं। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिवार द्वारा की गई पड़ताल में सामने आया कि मोगा के भलूर गांव निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा लंबे समय से इंदर कौर पर शादी का दबाव बना रहा था। प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद वह बुरी तरह बौखला गया था।
कनाडा से रची गई साजिश!
परिजनों का आरोप है कि सुखविंदर सिंह खास तौर पर बदला लेने की नीयत से कनाडा से पंजाब आया था। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में इंदर कौर की कार को घेरा और हथियारों के बल पर उनका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने बेरहमी से उनकी हत्या कर शव को नीलो नहर में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह वापस कनाडा फरार हो गया।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
इस मामले में स्थानीय पुलिस की कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने 15 मई को ही मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह और उसके सहयोगी करमजीत सिंह के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज करा दी थी। इसके बावजूद पुलिस की कथित लापरवाही के चलते मुख्य आरोपी देश छोड़कर भागने में सफल रहा।
पुलिस का बयान
जमालपुर थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि नहर में महिला का शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान इंदर कौर के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई जारी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी को विदेश से वापस लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...