
अंबाला। तोपखाना इलाके (RA Bazar) में पीलिया ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। यहां एक बच्ची की मौत हो गई। जबकि 20 लोगों को पीलिया हो गया है। लोगों का आरोप है कि इलाके में अर्से से गंदा और दूषित पानी आ रहा है। इसकी वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल है।
पीलिया से जान गंवाने वाली बच्ची की पहचान मन्नत के रूप में हुई है। बच्ची की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन सतर्क हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से लोग पेट दर्द, बुखार और कमजोरी जैसी समस्याओं से परेशान थे, लेकिन समय रहते पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही की वजह से हालात गंभीर हुए हैं। इलाके के पूर्व पार्षद राजकुमार (राजा) ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि, “इलाके में काफी समय से गंदा पानी आ रहा है। कई लोग बीमार हो चुके हैं और अब एक बच्ची की मौत भी हो गई।
प्रशासन को तुरंत साफ पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि घरों में गंदा पानी आने से लोग परेशान हैं। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा बीमार पड़ रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत तोपखाना इलाके में पहुंची। विभाग ने इलाके में स्वास्थ्य जांच कैंप लगाया, जहां लोगों की मेडिकल जांच की जा रही है।
साथ ही विभिन्न स्थानों से पानी के सैंपल लेकर उनकी जांच शुरू कर दी गई है ताकि बीमारी फैलने के कारणों का पता लगाया जा सके। विभाग की कोशिश है कि बढ़ते मामलों को जल्द नियंत्रित किया जाए। जांच शिविर में मौजूद स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर सुनील हरि ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। इलाके में लोगों की जांच की जा रही है और जगह-जगह से पानी के सैंपल लिए जा रहे हैं। लोगों को साफ पानी इस्तेमाल करने और बाहर से आने वाली बर्फ का उपयोग केवल चीजें ठंडी करने के लिए करने की सलाह दी गई है।
डॉ. सुनील हरि ने बताया कि सभी सीएचसी और पीएचसी को भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। अगर किसी इलाके में पीलिया के पांच मामले भी सामने आते हैं तो तुरंत पूरे क्षेत्र के पानी के सैंपल लेकर जांच की जाएगी। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मेडिकल टीमें भी तैनात की जाएंगी।
Also Read :