
Today weather 24 May 2026: देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है। कई राज्यों में मॉनसून की शुरुआती हलचल महसूस की जा रही है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 19 राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में तीन दिन लू का खतरा
दिल्ली में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में 24 से 26 मई तक लू चलने की संभावना है। कई इलाकों में गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
भीषण गर्मी की मार झेल रहे उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में आज आंधी और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। बुलंदशहर, मेरठ, शामली और सहारनपुर समेत कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अभी भी लू का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय सतर्क रहने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें- White House Firing: व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी, घटना के समय अंदर मौजूद थे राष्ट्रपति ट्रंप
बिहार में 29 मई तक बारिश का दौर
बिहार में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है। पटना, गया, पूर्णिया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और राजगीर सहित कई जिलों में आज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 29 मई तक रुक-रुक कर बारिश होती रह सकती है। इसके अलावा 25 और 26 मई को कई जिलों में भारी बारिश और तेज तूफान की आशंका जताई गई है।
उत्तराखंड और हिमाचल में ओलावृष्टि का अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में भी बदलते मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड के देहरादून, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार में बारिश की संभावना जताई गई है। लंबे समय से गर्मी झेल रहे निचले इलाकों में बारिश से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 25 मई को कई स्थानों पर ओलावृष्टि और तेज आंधी की चेतावनी भी जारी की है।
बात हिमाचल प्रदेश की करें तो यहां भी मौसम सुहावना बना हुआ है। मनाली, धर्मशाला, मंडी, हमीरपुर और चंबा में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं शिमला में 29 मई तक बीच-बीच में बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।
ये भी पढ़ें- Rashifal: जानें आज रविवार को कैसा रहेगा आपका दिन, मिलेगी तरक्की या होगी धनहानि
कई राज्यों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, झारखंड और आंध्र प्रदेश समेत कई अन्य राज्यों में भी खराब मौसम की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं, जिससे कई इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है।