
इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में रविवार को एक बड़ा बम धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह विस्फोट चमन फाटक रेलवे स्टेशन के पास उस समय हुआ, जब सैन्य कर्मियों को ले जा रही एक ट्रेन वहां से गुजर रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धमाका रेलवे ट्रैक के करीब किया गया। विस्फोट इतना तेज था कि ट्रेन के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा और आसपास का इलाका भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे लोगों में डर और घबराहट फैल गई।
ये भी पढ़ें: ऑरेंज कैप की रेस में शामिल हुए प्रभसिमरन, जानें किसके पास है पर्पल कैप
स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट के कारण आसपास खड़ी कई गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। करीब 10 वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इसके अलावा नजदीकी इमारतों की खिड़कियां और कांच के दरवाजे भी टूट गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मरने वालों में कुछ सेना के जवान भी शामिल हैं।
घटना के तुरंत बाद पुलिस, राहत दल और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
धमाके के बाद क्वेटा के सभी सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई। अस्पताल प्रशासन ने अतिरिक्त डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ को तुरंत ड्यूटी पर बुलाया ताकि घायलों का तेजी से इलाज किया जा सके।
सुरक्षा कारणों को देखते हुए पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को भी एहतियात के तौर पर क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। बलूचिस्तान के गृह मंत्री के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने बताया कि घटना के बाद सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और पूरे इलाके में जांच अभियान चलाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: बारामूला में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, 14 आरपीजी शेल समेत हथियार, गोला बारूद बरामद
मेष: दिन शुभ रहेगा...