
RCB vs GT: आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर मुकाबले में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (GT) से होगी। इस रोमांचक मुकाबले की मेजबानी धर्मशाला का हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम करेगा। आइए आपको RCB के उन पांच खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो पहले क्वालिफायर में GT के लिए बड़ा सिरदर्द बन सकते हैं।
विराट कोहली
IPL 2026 में विराट कोहली शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। कोहली 14 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 557 रन बना चुके हैं। बड़े मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करना कोहली की पुरानी आदत रही है और यही कारण है कि पहले क्वालिफायर में वह जीटी के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द साबित हो सकते हैं। कोहली अगर क्रीज पर जम गए, तो RCB के लिए राह आसान हो सकती है।
ये भी पढ़ें- RCB vs GT: पहले क्वालिफायर में कौन किस पर पड़ेगा भारी, जानें क्या कहते हैं हेड टू हेड रिकॉर्ड?
देवदत्त पडिक्कल
कोहली के साथ-साथ देवदत्त पडिक्कल ने भी RCB के लिए इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया है। पडिक्कल के साथ खास बात यह है कि वह पारी को बुनने के साथ तेजी से भी रन बटोरने की कला सीख चुके हैं। इस सीजन वह 14 मुकाबलों में 171 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 433 रन बना चुके हैं। पडिक्कल ने इस दौरान 3 अर्धशतक लगाए हैं।
रजत पाटीदार
RCB के कप्तान रजत पाटीदार पहले क्वालिफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों की अग्निपरीक्षा ले सकते हैं। रजत आईपीएल 2026 में खेली 13 पारियों में 183 के स्ट्राइक रेट से 393 रन बना चुके हैं। रजत अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर किसी भी समय पर मैच का रुख पलट सकते हैं। गुजरात टाइटंस की ताकत उनका पेस अटैक है और रजत को तेज गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाना काफी रास आता है।
ये भी पढ़ें- आईपीएल 2026: जीटी के लिए राहत, प्लेऑफ मुकाबलों में विराट कोहली का रिकॉर्ड कमजोर
भुवनेश्वर कुमार
आईपीएल 2026 में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले भुवनेश्वर कुमार गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। पावरप्ले में विकेट निकालने की काबिलियत के चलते भुवनेश्वर का स्पेल पहले क्वालिफायर में काफी अहम होगा। भुवनेश्वर अगर शुरुआती ओवरों में साई सुदर्शन और शुभमन गिल की जोड़ी को तोड़ने में सफल रहे, तो RCB का लगातार दूसरी बार फाइनल खेलने का सपना साकार हो सकता है।
टिम डेविड
धर्मशाला के इस मैदान पर आईपीएल 2026 में खूब चौके-छक्के लगे हैं। स्टेडियम की बाउंड्री छोटी होने के कारण अंतिम ओवरों में टिम डेविड अपनी तूफानी बल्लेबाजी से मैच का रुख पलट सकते हैं। डेविड ने इस सीजन 197 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है और वह 277 रन बना चुके हैं। गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों को RCB के इस धाकड़ बल्लेबाज से बचकर रहना होगा।