Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

आईपीएल 2026: बाहर होने के बाद बोले पैट कमिंस, गलत समय पर विकेट गिरना पड़ा भारी

May 28, 2026

आईपीएल 2026: बाहर होने के बाद बोले पैट कमिंस, गलत समय पर विकेट गिरना पड़ा भारी

आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 47 रनों से हार का सामना करना पड़ा। महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मिली हार के साथ ही एसआरएच का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। कप्तान पैट कमिंस ने माना कि गलत समय पर विकेट गंवाना टीम को महंगा पड़ा।

एलिमिनेटर मुकाबले में मिली हार के बाद कप्तान कमिंस ने कहा, “मुझे लगता है कि हम ज्यादातर समय मैच में बने हुए थे और हमने रन रेट को बरकरार रखा था। हमने शायद गलत समय पर कुछ ज्यादा ही विकेट गंवा दिए, जिसके कारण यह चेज मुश्किल हो गया, हालांकि हमने खुद को एक अच्छा मौका दिया।”

ये भी पढ़ें- https://dainiksaveratimes.com/sports/rr-vs-srh-vaibhav-qualifier-2/

पिछले 3 साल में 2 बार प्लेऑफ तक पहुंचने पर कप्तान कमिंस ने खुशी जताई। उन्होंने कहा, “हां, यह सही है। मुझे लगता है कि हम टॉप दो में आने से बस थोड़ा सा दूर थे। आप खिलाड़ियों से इससे ज्यादा बेहतर प्रदर्शन की और क्या ही मांग करेंगे। सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और बहुत अच्छी क्रिकेट खेली।”

कमिंस ने राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की आतिशी पारी की तारीफ की। उन्होंने कहा, “हां, वैभव ने शानदार पारी खेली। मुझे लगता है कि उनके खिलाफ आपके पास ज्यादा विकल्प नहीं होते हैं। जाहिर तौर पर यह एक अच्छी पिच थी, लेकिन गलती करने के चांस बहुत कम थे। अगर आप उनके खिलाफ यॉर्कर को मिस करेंगे, तो वह आपको छोड़ेंगे नहीं।”

एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 243 रन लगाए। टीम की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 97 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, ध्रुव जुरेल ने महज 21 गेंदों का सामना करते हुए 50 रन बनाए। 244 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एसआरएच की पूरी टीम 196 रन बनाकर सिमट गई। सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से नीतीश कुमार रेड्डी ने सर्वाधिक 38 रन बनाए, जबकि साहिल अरोड़ा ने 35 रनों का योगदान दिया। आरआर की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने 3 और नांद्रे बर्गर ने 2 विकेट चटकाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें