अंबाला। हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में भीषण गर्मी और हीट वेव से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार अगले 24 घंटों के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश में तेज हवाएं, आंधी-अंधड़, हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियां बन रही हैं। डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में थार मरुस्थल से आने वाली गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाओं के कारण हरियाणा-एनसीआर में भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू का असर बना हुआ है। नौतपा के तीसरे दिन प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
रोहतक का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस, नारनौल का 45.5 डिग्री सेल्सियस तथा हिसार का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विभाग ने 28 मई के लिए हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में हीट वेव और प्रचंड गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 29 से 31 मई के दौरान तेज हवाओं, आंधी-अंधड़ और हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए अधिकतर क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा उत्तरी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
30 मई को एक और पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। डॉ. चंद्रमोहन ने कहा कि इस मौसम प्रणाली का प्रभाव पूरे हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र पर देखने को मिलेगा, हालांकि उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी जिलों में इसका असर अधिक रहने की संभावना है। पश्चिमी हिस्सों में प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहेगा।
उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव के बाद दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे भीषण गर्मी और हीट वेव से राहत मिलने की उम्मीद है। महेंद्रगढ़ जिले में नारनौल का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Also Read :-
Also Read :