Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

न्यूयॉर्क में वांग यी और इशाक डार की मुलाकात

May 29, 2026

न्यूयॉर्क में वांग यी और इशाक डार की मुलाकात

इंटरनेशनल डेस्क: चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने गुरुवार को न्यूयॉर्क में पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार से मुलाकात की। इस अवसर पर वांग यी ने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की हालिया चीन यात्रा सफल रही। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच कई महत्वपूर्ण नई सहमतियां बनीं, जिन्होंने चीन-पाकिस्तान साझा भविष्य समुदाय के निर्माण को नए स्तर पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और ग्लोबल गवर्नेंस फ्रेंड्स ग्रुप की बैठकों में सक्रिय भागीदारी की, जिससे संयुक्त राष्ट्र की भूमिका को मजबूत करने और वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार का साझा संदेश गया।

वांग यी ने कहा कि चीन और पाकिस्तान के बीच मैत्रीपूर्ण सहयोग सर्वांगीण, सर्व-मौसम और सभी क्षेत्रों में फैला हुआ है। दोनों देश द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मामलों में हमेशा एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि चीन, पाकिस्तान के साथ उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान बनाए रखने, राजनीतिक विश्वास को और गहरा करने, व्यावहारिक सहयोग का विस्तार करने तथा नए युग में अधिक घनिष्ठ चीन-पाकिस्तान साझा भविष्य समुदाय के निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।

वहीं इशाक डार ने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की चीन यात्रा अत्यंत सफल रही और इसने दोनों देशों की गहरी मित्रता को प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान बहुपक्षीय व्यवस्था कमजोर पड़ रही है और उसमें सुधार की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। उनके अनुसार, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की उच्च-स्तरीय बैठक बुलाने की चीन की पहल बिल्कुल सही समय पर की गई, जिसे सभी पक्षों का समर्थन प्राप्त हुआ।

डार ने यह भी कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मध्यस्थता न्यायालय की स्थापना हांगकांग में हुई है, जो मुकदमेबाज़ी के बजाय मध्यस्थता को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान चीन की विभिन्न पहलों का समर्थन जारी रखेगा। दोनों नेताओं ने ईरान की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया। वांग यी ने कहा कि पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता में एक विश्वसनीय मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है और चीन उसके शांति प्रयासों का समर्थन करेगा। वहीं, इशाक डार ने कहा कि चीन और पाकिस्तान की पांच- सूत्रीय पहल को व्यापक समर्थन मिला है तथा पाकिस्तान क्षेत्र में तनाव कम करने और स्थिति को शांत बनाने के लिए रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें