नेशनल डेस्कः राजस्थान के चूरू और बीकानेर जिलों में शनिवार को मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि लोगों को दिन में ही रात जैसा माहौल महसूस होने लगा। तेज धूल भरी आंधी और रेतीले तूफान ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान धूल के गुबार से भर गया और कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित हो गया।
चूरू में अचानक बदला मौसम का मिजाज
शनिवार दोपहर करीब 2 बजे चूरू जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलनी शुरू हो गई। देखते ही देखते आसमान पर धूल की मोटी परत छा गई और पूरे इलाके में अंधेरा जैसा माहौल बन गया।
दिन में रात जैसा नजारा!
आंधी तूफान तो अक्सर आते रहते हैं, लेकिन ऐसा नजारा कभी कभार देखने को मिलता है।
राजस्थान के चूरू में रेत के बवंडर का खौफनाक वीडियो#Rajasthan #Churu pic.twitter.com/1c3BCzYyLH
— Ashish Paswan (@ashishpaswan0) May 30, 2026
स्थानीय लोगों के अनुसार, धूल का गुबार इतना ज्यादा था कि सामने की चीजें भी साफ दिखाई नहीं दे रही थीं। कई लोगों ने इस नजारे को कैमरे में कैद किया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
धूल के बवंडर ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
आंधी के दौरान कई जगहों पर धूल के बड़े-बड़े बवंडर भी दिखाई दिए। ये बवंडर काफी ऊंचाई तक उठ रहे थे और दूर से देखने पर बेहद डरावने लग रहे थे। तेज हवाओं के कारण सड़कों पर धूल फैल गई, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विजिबिलिटी हुई कम, वाहनों की रफ्तार थमी
धूल भरी आंधी के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम हो गई। कई जगहों पर कुछ मीटर दूर तक भी देख पाना मुश्किल हो गया। ऐसे में सड़क पर चल रहे वाहनों की रफ्तार धीमी करनी पड़ी। वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा के लिए अपनी गाड़ियों की हेडलाइट जलानी पड़ी। कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ और लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर रुककर आंधी के शांत होने का इंतजार किया।
बीकानेर में भी दिखा तूफान का खौफनाक रूप
चूरू की तरह बीकानेर जिले में भी शनिवार दोपहर मौसम अचानक खराब हो गया। यहां तेज हवाओं के साथ धूल का विशाल गुबार उठता दिखाई दिया, जिसने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। धूल की इतनी बड़ी दीवार खड़ी हो गई कि दूर-दूर तक कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। आसमान धूल से भर गया और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया।
लाइट जलाकर चलानी पड़ीं गाड़ियां
बीकानेर में धूल भरी आंधी के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी। सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को अपनी गाड़ियों की लाइटें जलानी पड़ीं ताकि वे सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ सकें।
हालांकि, इस दौरान किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली, लेकिन अचानक आए इस रेतीले तूफान ने लोगों को हैरान जरूर कर दिया।
मौसम में अचानक आये बदलाव को लेकर विभाग अलर्ट
मौसम में आए इस अचानक बदलाव को लेकर मौसम विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में तेज गर्मी और हवाओं के कारण इस तरह के धूल भरे तूफान देखने को मिलते हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...