Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

शी चिनफिंग ने बच्चों से क्रांतिकारी परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया

May 31, 2026

शी चिनफिंग ने बच्चों से क्रांतिकारी परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया

1 जून को अंतर्राष्ट्रीय बाल दिवस मनाया जाता है। इस अवसर की पूर्व संध्या पर चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पूर्वी चीन के शांगहाई शहर और चच्यांग प्रांत में स्थित चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के जन्मस्थलों से जुड़े स्मारकों में छात्रों को मार्गदर्शन देने वाले यंग पायनियर्स के प्रतिनिधियों को लिखे गए पत्र का उत्तर देते हुए बच्चों और युवाओं से क्रांतिकारी परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

शी चिनफिंग ने छात्रों को निरंतर ज्ञान अर्जित करने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने देशभर के सभी बच्चों को अंतर्राष्ट्रीय बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

अपने जवाबी पत्र में शी चिनफिंग ने कहा कि उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि छात्र शांगहाई में सीपीसी की प्रथम राष्ट्रीय कांग्रेस के आयोजन स्थल और चच्यांग प्रांत की नानहू झील पर स्थित प्रसिद्ध “लाल नाव” से जुड़ी पार्टी के इतिहास, क्रांतिकारी गाथाओं और वीरतापूर्ण कार्यों को पूरे समर्पण के साथ लोगों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया ने छात्रों के मन में पार्टी, देश और समाजवाद के प्रति प्रेम की भावना को मजबूत किया है तथा उनके व्यक्तिगत विकास में भी सकारात्मक भूमिका निभाई है।

शी चिनफिंग ने इस बात पर जोर दिया कि इस वर्ष चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना की 105वीं वर्षगांठ है। उन्होंने कहा कि पार्टी के आदर्शों और उद्देश्यों को साकार करने के लिए पीढ़ी–दर–पीढ़ी संघर्ष और समर्पण की आवश्यकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि युवा अग्रदूत पार्टी के नेतृत्व का अनुसरण करेंगे, क्रांतिकारी परंपराओं और “लाल जीन” को आगे बढ़ाएंगे, अपने ज्ञान और कौशल को निरंतर विकसित करेंगे, मजबूत चरित्र का निर्माण करेंगे तथा पार्टी और जनता के विश्वसनीय उत्तराधिकारी बनेंगे। उन्होंने कहा कि नई यात्रा में युवाओं को इतिहास द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाना चाहिए।

गौरतलब है कि वर्ष 2021 में, जब चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना की 100वीं वर्षगांठ मनाई गई थी, तब “मैं पार्टी की कहानी सुनाता हूं – एक युवा अग्रणी मार्गदर्शक बनने का प्रयास” नामक व्यावहारिक अनुभव कार्यक्रम शुरू किया गया था। इस कार्यक्रम के तहत देशभर के युवा अग्रदूतों ने क्रांतिकारी स्थलों का दौरा कर पार्टी के इतिहास को जाना और उसकी कहानियों को लोगों तक पहुंचाया।

हाल ही में शांगहाई स्थित सीपीसी प्रथम राष्ट्रीय कांग्रेस स्मारक हॉल तथा चच्यांग प्रांत के च्याशिंग शहर में स्थित नानहू क्रांतिकारी स्मारक हॉल के युवा अग्रणी मार्गदर्शकों के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग को पत्र लिखकर अपनी गतिविधियों से प्राप्त अनुभवों, उपलब्धियों और सीख की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने नए युग के जिम्मेदार और आदर्श युवा बनने के अपने दृढ़ संकल्प को भी व्यक्त किया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें