Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा ने 177 सीट पर मतगणना में धांधली करके बंगाल चुनाव जीता : ममता बनर्जी

June 3, 2026

भाजपा ने 177 सीट पर मतगणना में धांधली करके बंगाल चुनाव जीता : ममता बनर्जी

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को दावा किया कि भाजपा ने हाल में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए 294 में से 177 सीट की मतगणना में ‘धांधली’ की। बनर्जी ने कहा कि वह ‘इस कठिन समय’ में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं को नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने यह टिप्पणी उनकी पार्टी नेताओं की भ्रष्टाचार, धमकी और वसूली के आरोप में बड़े पैमाने पर गिरफ्तारी तथा विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी कार्यकर्त्ताओं के कथित उत्पीड़न को लेकर की।

चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्त्ताओं और नेताओं पर कथित तौर पर हुए हमलों के विरोध में मध्य कोलकाता में दिन भर के धरने पर बैठे तृणमूल कांग्रेस समर्थकों को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि भाजपा विरोधी पार्टियां जल्द ही देशव्यापी विरोध कार्यक्रम की रूपरेखा बनाएंगी। बनर्जी ने अगले सप्ताह होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक का उल्लेख करते हुए कहा, ‘बहुत जल्द, भाजपा विरोधी सभी पार्टियां दिल्ली में बैठक करेंगी।

कुछ दिनों का इंतजार कीजिए और हम जल्द ही विपक्ष की देशव्यापी कार्ययोजना की घोषणा करेंगे।’ तृणमूल कांग्रेस को रानी रासमणि रोड पर धरना आयोजित करने की अनुमति देने से कोलकाता पुलिस द्वारा मना किए जाने के बाद ममता बनर्जी एस्प्लेनेड के वाई-चैनल स्थित धरना स्थल पर पहुंचीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें