Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कांवड़ यात्रा को सुगम बनाएगी दिल्ली सरकार; तैयारियों पर CM रेखा गुप्ता की समीक्षा बैठक

June 5, 2026

कांवड़ यात्रा को सुगम बनाएगी दिल्ली सरकार; तैयारियों पर CM रेखा गुप्ता की समीक्षा बैठक

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर आयोजित कांवड़ समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। तैयारियों की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ समितियों के पंजीकरण की प्रक्रिया समय से शुरू की जाए। इसके लिए 1 जुलाई से पंजीकरण शुरू करने की दिशा में सभी तैयारियां पूरी कर ली जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुरानी समितियों को आवश्यक दस्तावेजों और वार्षिक ऑडिट संबंधी औपचारिकताओं की जानकारी समय रहते उपलब्ध कराई जाए ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न आए

सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर जोर

बैठक में पिछले वर्ष सामने आई चुनौतियों और सुझावों की भी समीक्षा की गई। समिति के सदस्यों ने मोबाइल शौचालयों की संख्या और गुणवत्ता बढ़ाने, उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने, 24×7 चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, पर्याप्त पीने के पानी की व्यवस्था, गैस सिलेंडरों की निर्बाध उपलब्धता, समयबद्ध होर्डिंग और प्रचार सामग्री लगाने तथा वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी करने का सुझाव दिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां पिछले वर्ष जलभराव की समस्या सामने आई थी, वहां ड्रेनेज व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुधार कार्य समय रहते पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ शिविरों में लगाए जाने वाले मोबाइल शौचालय उच्च गुणवत्ता के हों और उनकी सफाई एवं रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की स्पष्ट रूप से तय की जाए। साथ ही, दिल्ली सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की उचित ब्रैंडिंग भी सुनिश्चित की जाए।

24×7 स्वास्थ्य सेवा और सुरक्षा पर बल

मुख्यमंत्री ने कांवड़ शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को 24 घंटे चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की अलग-अलग शिफ्टों में तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि दिन और रात दोनों समय इलाज की सुविधा मिल सके। बैठक में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली पुलिस और यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, पीसीआर तैनाती और दुर्घटना रोकथाम से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने प्रमुख प्रवेश स्थलों पर स्वागत द्वार, पुष्पवर्षा और श्रद्धालुओं के स्वागत की अन्य व्यवस्थाओं की भी पहले से योजना बनाने के निर्देश दिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें