Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुजरातः कार और डंपर के बीच जोरदार टक्कर, 5 लोगों की मौत, 2 गंभीर घायल

June 6, 2026

गुजरातः कार और डंपर के बीच जोरदार टक्कर, 5 लोगों की मौत, 2 गंभीर घायल

नेशनल डेस्कः गुजरात के मोरबी-हलवद हाईवे पर चरड़वा गांव के पास देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। जहां, तेज रफ्तार कार और एक डंपर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके टुकड़े बिखर गए। इस हादसे में कार में सवार 7 लोगों में से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

घायल को अस्पताल ले जाते समय हुआ हादसा
यह हादसा बेहद दुखद परिस्थितियों में हुआ। रणछोड़गढ़ गांव के दिलीप दहैया के 24 साल के बेटे परेश को बाइक हादसे में गंभीर चोट लगी थी। वह हलवद तालुका के मानसर गांव के पास बाइक गिरने से घायल हो गया था। उसकी हालत गंभीर देखकर गांव के कुछ युवक उसे जल्दी अस्पताल पहुंचाने के लिए कार से रवाना हुए थे।

डंपर से अचानक हुई टक्कर
रात करीब 9:30 बजे चरड़वा गांव के पास एक फैक्ट्री के बाहर सड़क पर हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री से निकल रहा एक डंपर अचानक तेज गति से मुड़ा। इसी दौरान अस्पताल जा रही कार डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डंपर के नीचे फंस गई और उसमें बैठे लोग लोहे के हिस्सों में बुरी तरह दब गए।

जेसीबी मशीन के मदद से शव को बाहर निकाला गया
हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति इतनी गंभीर थी कि कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। कार को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 2 लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

एक ही गांव के सभी जान गंवाने वाले
इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच युवक रणछोड़गढ़ गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान सुरेश सिहोरा (45 वर्ष), वीरम दहैया (28 वर्ष), परेश दहैया (24 वर्ष), प्रेमजी दहैया, भरत दहैया के रूप में हुई है। घायलों में प्रकाश दहैया व दिलीप दहैया की हालत गंभीर है। दोनों घायलों को इलाज के लिए मोरबी और राजकोट के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की खबर मिलते ही हलवद तालुका पुलिस मौके पर पहुंची। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे रणछोड़गढ़ गांव में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है। एक घायल को बचाने निकले युवक खुद इस भीषण हादसे का शिकार हो गए, जिससे पूरा इलाका गमगीन है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें