चंडीगढ़: पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों मंत्रियों के साथ पंजाब के मौजूदा सियासी हालात और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में भाजपा की स्थिति पर विस्तार से विचार विमर्श किया।
मुलाकात के बाद कैप्टन ने कहा कि इस दौरान पंजाब से संबंधित विभिन्न मसलों पर औपचारिक रूप से चर्चा हुई। कुछ दिनों पहले कैप्टन ने पंजाब भाजपा अध्यक्ष के रूप में केवल सिंह ढिल्लों के चयन पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने इस बारे में उनसे कोई सलाम नहीं ली। कैप्टन की नाराजगी के बीच उनकी अमित शाह के साथ हुई मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण है की कुछ दिनों से कैप्टन के वापस कांग्रेस में जाने की चर्चा जोरों पर है।
उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान पंजाब के मौजूदा सयासी हालात पर चर्चा हुई। उन्होंने इस बैठक में अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर किसी भी तरह की चर्चा से इन्कार किया और कहा कि अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगा। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान उन्होंने पंजाब को लेकर अपने अनुभव साझा किए हैं।