Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में धूल भरी आंधी के बाद बदल गया मौसम, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

June 9, 2026

दिल्ली में धूल भरी आंधी के बाद बदल गया मौसम, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

Rain alert in Delhi: राजधानी दिल्ली में मंगलवार शाम को तेज धूल भरी हवाएं चलने से मौसम अचानक बदल गया। इसके बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर के कई इलाकों में बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि को लेकर ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

गरज के साथ मध्यम से तेज हो सकती है बारिश- आईएमडी 

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली के कई हिस्सों में गरज के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओले गिरने और बिजली चमकने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। दिल्ली के बाहरी उत्तरी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी इलाकों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, दिल्ली के बाकी हिस्सों के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है, जहां मौसम अधिक खराब रहने की आशंका है।

मंगलवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 161 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

 

केरल में मानसून का असर

केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण जलभराव की स्थिति बन गई है। खासकर उत्तरी जिलों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोझिकोड जिले में रातभर हुई भारी बारिश से सड़कें और कई निचले इलाके जलमग्न हो गए। वहीं, त्रिशूर जिले में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन पांच परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बने राहत शिविर में भेज दिया है। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए और कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

तमिलनाडु में भी भारी बारिश का अनुमान

दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव से तमिलनाडु के 10 जिलों में मंगलवार से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) के अनुसार धर्मपुरी, सलेम, इरोड, नीलगिरि, कोयंबटूर, तिरुपुर, डिंडीगुल, थेनी, कन्याकुमारी और तिरुनेलवेली जिलों के पश्चिमी घाट क्षेत्रों में 12 जून तक अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी आधिकारिक चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें